विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सभी घटक दल दोपहर 12 बजे दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में एकत्र होने जा रहे हैं। इस बैठक का मुख्य एजेंडा केंद्र सरकार को घेरने के लिए विपक्ष की एकजुट रणनीति तय करना है। दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस, टीएमसी और सपा समेत कुल 23 पार्टियां इसमें हिस्सा लेंगी। हालांकि डीएमके और आम आदमी पार्टी ने गठबंधन से किनारा कर लिया है और दोनों ने कांग्रेस पर धोखा देने का आरोप मढ़ा है।
कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित इस मंथन में कांग्रेस के राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, तृणमूल कांग्रेस की ममता बनर्जी एवं अभिषेक बनर्जी, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, राष्ट्रीय जनता दल के तेजस्वी यादव और शिवसेना (उबाठा) के उद्धव ठाकरे समेत 23 विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के पहुंचने की संभावना है।
23 पार्टियों के दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को जानकारी दी कि 23 राजनीतिक दलों ने 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की बैठक में शामिल होने की पुष्टि कर दी है। उन्होंने बताया कि कुछ दलों ने अपनी-अपनी वजहों से इस खास बैठक में आने में असमर्थता जताई है। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) और आम आदमी पार्टी (आप) के इसमें शामिल होने की संभावना नहीं है, जबकि तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) गठबंधन के एक नए सहयोगी के रूप में भाग ले सकती है। हालांकि अभी तक टीवीके को इस बैठक का न्योता नहीं भेजा गया है। 'आप' पहले ही सार्वजनिक रूप से गठबंधन से दूरी बना चुकी है, वहीं डीएमके ने तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा उससे रिश्ता तोड़कर टीवीके नीत सरकार में शामिल होने के बाद बैठक के बहिष्कार का ऐलान किया है।
दो वर्ष बाद हो रही गठबंधन की औपचारिक बैठक
इस बैठक में गठबंधन आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श करेगा और राज्यों के आगामी चुनावों तथा 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय मुद्दों पर मोदी सरकार के सामने एकजुट मोर्चे के रूप में खुद को पेश करने की कोशिश करेगा। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की हाल की हार ने भी विपक्षी गठबंधन को देश में भाजपा के बढ़ते असर का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने पर विवश किया है। इससे पहले इंडिया गठबंधन की औपचारिक बैठक जून, 2024 में हुई थी।
राजधानी में लगे विरोधी पोस्टर
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की इस बैठक से पहले शहर में कई पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में उन बयानों को उभारा गया है, जो गठबंधन में शामिल नेताओं ने कभी एक-दूसरे के खिलाफ दिए थे। साथ ही इन पर लिखा गया है कि जिस गठबंधन के नेता आपस में ही उलझे हुए हैं, वे मिलकर भला किसके खिलाफ लड़ेंगे। ये पोस्टर भाजपा की ओर से लगाए गए हैं।
https://www.indiatv.in/india/politics/delhi-india-block-meeting-opposition-common-strategy-to-corner-central-government-2026-06-08-1223677