राम मंदिर के दान पात्र में गबन का शक! अखिलेश यादव का आरोप सही निकला, चार लोग हिरासत में

राम मंदिर के दान पात्र से पैसों की गड़बड़ी के अखिलेश यादव के आरोप के बाद सूत्रों के मुताबिक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे रिकवरी भी की गई है।

अयोध्या स्थित राम मंदिर के दान पात्र से करोड़ों रुपये के गबन को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने जो आरोप लगाया था, वह अब सही साबित होता दिख रहा है। सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार दान पात्र की गिनती के दौरान रकम में गड़बड़ी का मामला पकड़ में आया है, जिसके बाद इस केस में चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि इन चारों से रिकवरी भी की गई है।

देर रात तक चली जांच

सूत्रों का कहना है कि राम मंदिर परिसर में इस मामले को लेकर देर रात तक जांच चलती रही। जांच के बाद चार लोगों को हिरासत में लिया गया। इतना ही नहीं, ट्रस्ट की ओर से एक वरिष्ठ अधिकारी को कार्यमुक्त भी कर दिया गया है। अखिलेश यादव के आरोप के बाद से ही मंदिर परिसर में देर रात तक अधिकारियों का जमावड़ा बना रहा।

आरोप के बाद अयोध्या में हलचल

दरअसल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से राम मंदिर के दान में गबन का आरोप लगाए जाने के बाद से ही अयोध्या में बड़ी हलचल मची हुई है। शुरुआत में राम मंदिर ट्रस्ट की तरफ से इस आरोप का खंडन किया गया था। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने वीडियो बयान जारी कर साफ कहा था कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।

एसबीआई के चार कर्मचारी हिरासत में

हालांकि अब सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है कि दान पात्र की गिनती के लिए तैनात किए गए एसबीआई के चार कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है। चारों से रिकवरी भी की गई है, जो यात्री सुविधा केंद्र से बरामद हुई बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस अधिकारी और ट्रस्ट के जिम्मेदार लोग इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/ayodhya-ram-mandir-donation-box-theft-akhilesh-yadav-proved-correct-4-people-detained-10549660.html