चेहरे की चमक बनाए रखने के लिए अकसर लोग ब्यूटी पार्लर का रुख करते हैं और इस पर अच्छी-खासी रकम भी खर्च कर देते हैं। लेकिन रांची की ब्यूटी एक्सपर्ट कविता का कहना है कि घर पर बना एक खास आइस क्यूब फेस पैक झुर्रियां, दाग-धब्बे, टैन और सनबर्न जैसी समस्याओं से राहत दिला सकता है। इसके लिए पपीता, कीवी, शहद और चावल के आटे की जरूरत होती है।
कैसे बनाएं यह खास फेस पैक
कविता बताती हैं कि हर रोज ताजा फेस पैक तैयार करना कई लोगों को मुश्किल लगता है। इसका आसान तरीका यह है कि पपीता, कीवी, शहद और थोड़ा-सा चावल का आटा लेकर इन्हें आपस में मिला लें और तैयार पेस्ट को बर्फ जमाने वाले कंटेनर में जमा दें। इसके बाद रोजाना एक क्यूब निकालकर चेहरे पर रगड़ें और 15 मिनट बाद चेहरा धो लें। उनका कहना है कि इस तरीके से हर दिन नया फेस पैक बनाने की झंझट खत्म हो जाती है और चेहरे पर गजब का निखार दिखाई देता है।
पपीता और कीवी के फायदे
कविता के मुताबिक पपीता और कीवी दोनों में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो चेहरे के फ्री रेडिकल्स को ठीक करते हैं। इससे समय से पहले पड़ने वाली झुर्रियां कम होती हैं और चेहरे की फाइन लाइंस पर भी असर पड़ता है। इन दोनों फलों में एंटीऑक्सीडेंट के साथ-साथ विटामिन सी और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी मौजूद होते हैं, जिससे चेहरे की सूजन और दाग कम करने में मदद मिलती है।
आइस क्यूब करता है त्वचा को टाइट
एक्सपर्ट का कहना है कि जब बर्फ को चेहरे पर रगड़ा जाता है तो यह त्वचा को टोन और टाइट करने का काम करती है। ऐसे में हर रोज अलग से फेस पैक बनाने की जरूरत नहीं रहती। बस एक क्यूब निकालिए, नहाने से पहले चेहरे पर रगड़िए, 15 मिनट तक रखिए और फिर नहा लीजिए। कविता का दावा है कि अगर इसे लगातार 30 दिन तक किया जाए तो जिद्दी से जिद्दी दाग और टैन भी चेहरे से खत्म हो जाते हैं।
शहद और चावल के आटे की भूमिका
शहद चेहरे की गंदगी को बाहर निकालने और त्वचा को कोमल बनाने का काम करता है। वहीं चावल का आटा चेहरे को प्राकृतिक रूप से साफ करने में मददगार साबित होता है। इन सभी सामग्रियों के मिलने से यह फेस पैक त्वचा की कई समस्याओं पर एक साथ असर डालता है।
सिर्फ 1 मिनट में चमक उठेगा चेहरा
कविता बताती हैं कि यह महज एक मिनट का काम है, क्योंकि इसमें फेस पैक बनाना नहीं पड़ता, बस आइस क्यूब लेकर चेहरे पर रगड़ना होता है। इसी वजह से इसमें ज्यादा मेहनत नहीं लगती और हर दिन का काफी कीमती समय भी बच जाता है। उनके अनुसार इस आसान तकनीक से मनचाही त्वचा पाई जा सकती है। गर्मी के मौसम में तो यह उपाय और भी कारगर है, क्योंकि यह सनबर्न को ठीक करने में भी मदद करता है।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-papaya-kiwi-ice-cube-gives-amazing-glow-on-face-no-need-for-parlor-beauty-tips-for-glowing-skin-local18-ws-l-10549388.html