उड़ता हिमाचलः सुंदरनगर में चिट्टे के साथ एक ही परिवार के चार सदस्य धराए, कार में सवार थे मां-बेटा सहित बेटी और बहू

सुंदरनगर के कांगू में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों को कार से 6.650 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचा, जबकि मनाली में तरनतारन की एक महिला से 15.240 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार ने एक बार फिर परिवारों की जड़ें खोखली करने का चेहरा दिखाया है। मंडी जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चिट्टा तस्करी के आरोप में एक ही परिवार के चार सदस्यों को एक साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मां, बेटा, बेटी और बहू शामिल हैं, और चारों एक ही कार में सवार होकर जा रहे थे।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई कार

घटना रविवार सुबह करीब पांच बजे की है, जब सुंदरनगर थाने की पुलिस कांगू में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान पुलिस को कार से 6.650 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। उस समय चारों आरोपी कार में मौजूद थे, जिन्हें मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

आरोपियों की पहचान

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चारों आरोपी आपस में एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान सलापड़ कॉलोनी सुंदरनगर निवासी गौरव, सलापड़ कॉलोनी सुंदरनगर निवासी सरला, खरड़ (चंडीगढ़) निवासी रिशु तथा सलापड़ कॉलोनी सुंदरनगर निवासी ज्योति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक पर पहले भी कई मामले दर्ज रह चुके हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किस मकसद से ले जाया जा रहा था। सुंदरनगर के डीएसपी भारतभूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मनाली में महिला तस्कर गिरफ्तार

दूसरी ओर, मनाली पुलिस ने भी गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चचोगा में एक रिहायशी मकान पर दबिश दी। यहां किराये पर रह रही एक महिला के कब्जे से 15.240 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। बरामद नशीले पदार्थ का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 3,04,800 रुपये आंका गया है।

आरोपी महिला तरनतारन (पंजाब) की रहने वाली बताई जा रही है। उसके खिलाफ मनाली थाने में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी

पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला और इस अवैध तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके और इसमें शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/mandi-chitta-smuggling-case-sundernagar-entire-family-arrested-by-police-local18-ws-l-10549223.html