कार में पति के साथ थी प्रेमिका, इंतजार कर रही पत्नी ने देखते ही बोनट पर लगाई छलांग, फिर...

बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति को प्रेमिका के साथ कार में पकड़ लिया और रोकने पर बोनट पर चढ़ गई, जबकि पति तेज रफ्तार कार दौड़ाता रहा। लोगों ने कार रोककर पति की पिटाई कर दी और पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में एक कार तेज रफ्तार से भागती दिख रही है और उसके बोनट पर एक महिला लटकी हुई नजर आ रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि कार चलाने वाला कोई और नहीं, बल्कि बोनट पर लटकी उसी महिला का पति था। दरअसल, पत्नी ने अपने पति को एक दूसरी लड़की के साथ कार में घूमते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था और उसे रोकने के लिए वह बोनट पर चढ़ गई। मगर पति ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी।

रोज ड्यूटी के बहाने प्रेमिका संग मौज-मस्ती

बरेली में एक आशिक मिजाज पति को प्रेमिका को कार में घुमाना भारी पड़ गया। पति हर रोज सुबह तैयार होकर घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकलता था, लेकिन दफ्तर पहुंचने के बजाय वह प्रेमिका को कार में बैठाकर घूमता-फिरता और मौज-मस्ती करता था। जब इसकी भनक पत्नी को लगी तो उसने पहले पूरी निगरानी की और फिर शनिवार को पति को रंगे हाथ पकड़ लिया। उस वक्त पति कार चला रहा था और बगल वाली अगली सीट पर उसकी प्रेमिका बैठी हुई थी।

रोकने पर बोनट पर चढ़ गई पत्नी

पत्नी ने जैसे ही कार रोकने की कोशिश की, पति ने कार आगे बढ़ा दी। लेकिन महिला ने भी हिम्मत नहीं हारी और कार के बोनट पर चढ़ गई। आरोप है कि पति ने फिल्मी अंदाज में पत्नी को कार से कुचलने की कोशिश की, फिर भी महिला डटी रही। आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर कार रोक ली और पति की जमकर पिटाई कर दी। यह पूरा मामला थाना भमोरा क्षेत्र के देवचरा चौराहे का बताया जा रहा है।

टिफिन देकर भेजती थी, निकला अफेयर का राज

यहां रहने वाली महिला गोदावरी का आरोप है कि उसके पति ने ही उसे सरेआम जान से मारने की कोशिश की। गोदावरी का पति एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। महिला रोज सुबह पति के लिए टिफिन तैयार करती थी और पति कार से ड्यूटी के लिए निकल जाता था। मगर पिछले कुछ दिनों से उसे पता चला कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से प्रेम संबंध है और वह ड्यूटी जाने के बजाय उसी के साथ समय बिताता है।

तीन-चार सौ मीटर तक दौड़ती रही कार

शक होने पर महिला ने निगरानी की और अपने पति को प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। उस समय पति कार चला रहा था और प्रेमिका अगली सीट पर बैठी थी। यह देखकर पत्नी का गुस्सा भड़क उठा और चौराहे पर भीड़ होने के कारण जैसे ही पति ने कार रोकी, वह बोनट पर चढ़ गई। मगर पति ने अपनी गलती मानने के बजाय तेज रफ्तार से कार दौड़ानी शुरू कर दी। करीब तीन-चार सौ मीटर तक कार दौड़ने के बाद लोगों ने दौड़कर उसे रोक लिया।

पिटाई का वीडियो वायरल, मुकदमा दर्ज

कार में सवार पति और प्रेमिका ने भागने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने दौड़कर पति को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। फिलहाल पति की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नोएडा में भी हो चुकी ऐसी घटना

गौरतलब है कि हाल ही में नोएडा के सेक्टर-49 स्थित जूडियो स्टोर के बाहर भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। वहां पति ने अपनी पत्नी को किसी दूसरे पुरुष के साथ शॉपिंग करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था, जिसके बाद शोरूम के बाहर जमकर हंगामा और मारपीट हुई थी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bareilly-wife-caught-her-husband-with-his-girlfriend-in-car-video-viral-social-media-10549165.html