थमने का नाम नहीं ले रहा संघर्ष! ट्रंप की ईरान को कड़ी चेतावनी- हमले बंद नहीं किए तो टूट सकती है सीजफायर डील

ईरान ने एक बार फिर इजरायल पर भारी मिसाइल हमला किया है, जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान को आगाह किया है कि अगर हमले नहीं रुके तो युद्धविराम समझौता खटाई में पड़ सकता है।

ईरान और इजरायल के बीच टकराव एक बार फिर तेज हो गया है। ईरान ने इजरायल पर दोबारा बड़ा हमला बोलते हुए बीती रात कई मिसाइलें दागीं। इजरायल का कहना है कि देर रात ईरान की ओर से भारी संख्या में मिसाइल छोड़ी गईं। इजरायली कब्जे वाले वेस्ट बैंक के आसमान में भी कई मिसाइलें देखी गईं।

सीजफायर डील पर मंडराया खतरा

इस ताजा हमले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तल्ख प्रतिक्रिया सामने आई है। ट्रंप ने ईरान को साफ शब्दों में हिदायत दी है कि वह हमले बंद करे, वरना युद्धविराम का समझौता रुक सकता है। उधर, इजरायल ने भी ईरान को पलटवार करने की धमकी दी है।

हिजबुल्लाह पर कार्रवाई का बदला

ईरान पहले ही चेता चुका था कि अगर लेबनान को निशाना बनाया गया तो वह इजरायल पर हमला करेगा। रविवार को जैसे ही इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हवाई हमला किया, ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल पर ताबड़तोड़ मिसाइलें दाग दीं। हालांकि अब तक इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।

सीजफायर के बाद का पहला हमला- इजरायल का दावा

इजरायल के मुताबिक, ईरान की ओर से दागी गई ये मिसाइलें अप्रैल की शुरुआत में नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद इस तरह का पहला हमला हैं। इस घटना के बाद युद्ध खत्म कराने के मकसद से चल रही मध्यस्थता की कोशिशें और पेचीदा हो गई हैं।

हिजबुल्लाह पर हमले के जवाब में जवाबी कार्रवाई- ईरान

तेहरान ने रविवार को ही चेतावनी दी थी कि बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इजरायली हमले के बाद वह जवाब देगा। इजरायल का कहना है कि उसकी यह कार्रवाई ईरान समर्थित हिजबुल्लाह द्वारा दिन में उत्तरी इजरायल पर की गई गोलीबारी के जवाब में की गई थी।

हिजबुल्लाह ने ठुकराया था समझौता

बेरूत पर इजरायली हमला अमेरिका की मेजबानी में लेबनान और इजरायल की सरकारों के बीच हुई बातचीत में संघर्षविराम पर सहमति बनने के कुछ ही दिन बाद हुआ। हालांकि हिजबुल्लाह ने इस समझौते को सिरे से खारिज कर दिया था।

लेबनान में 2 की मौत, 20 घायल

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, एक आवासीय इमारत पर हुए हमले में दो लोगों की जान चली गई, जबकि 20 अन्य लोग घायल हो गए।

https://www.indiatv.in/world/us/iran-attacked-israel-donald-trump-warned-tehran-ceasefire-deal-halted-if-attacks-do-not-stop-2026-06-08-1223653