जयपुर में 40 से ज्यादा इलाकों में इंटरनेट सेवाएं ठप, यहां देखें प्रभावित थाना क्षेत्रों की पूरी सूची

जेडीए की प्रस्तावित अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के मद्देनजर जयपुर के 40 से अधिक इलाकों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। संभागीय आयुक्त के आदेश पर यह डिजिटल पाबंदी आज रात 12 बजे से 8 जून रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।

जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से मालवीय नगर सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में प्रस्तावित बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और सोशल मीडिया के जरिए किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक संदेश फैलने से रोकने के मकसद से शहर के 40 से ज्यादा इलाकों में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी तौर पर बंद करने का अहम निर्णय लिया गया है।

संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इस बाबत आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार जयपुर कमिश्नरेट के अधीन आने वाले जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी।

24 घंटे लागू रहेगी डिजिटल पाबंदी

यह रोक आज रात 12 बजे से शुरू होकर अगले दिन 8 जून की रात 12 बजे तक, यानी पूरे 24 घंटे के लिए प्रभावी रहेगी। इस दौरान 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी।

इसके साथ ही व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम समेत सभी प्रमुख सोशल मीडिया सेवाओं पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। बल्क एसएमएस और एमएमएस सेवाएं भी इस अवधि में निलंबित रहेंगी। हालांकि आम लोगों की आपातकालीन जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वॉयस कॉल सेवाएं पहले की तरह चालू रहेंगी।

अफवाहों और भ्रामक संदेशों पर लगाम

प्रशासन ने यह कड़ा कदम सुरक्षा और शांति व्यवस्था में किसी भी संभावित गड़बड़ी को टालने के लिए उठाया है। मालवीय नगर के नंदपुरी इलाके में सड़क चौड़ीकरण के तहत धार्मिक स्थलों को नोटिस मिलने के बाद से ही स्थानीय स्तर पर लामबंदी और तनाव का माहौल बना हुआ है।

कोई भी असामाजिक तत्व इंटरनेट और सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर शहर का सांप्रदायिक सौहार्द न बिगाड़ सके, इसी एहतियात के तहत यह डिजिटल कर्फ्यू लगाया गया है। पुलिस की साइबर टीम भी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखे हुए है।

प्रभावित थाना क्षेत्रों की पूरी सूची

इंटरनेट बंदी के दायरे में आने वाले थाना क्षेत्रों की एक लंबी सूची जारी की गई है, जिससे जयपुर का बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा। जयपुर कमिश्नरेट के अधीन आने वाले इन इलाकों में इंटरनेट बंद रहेगा:

  • गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा
  • संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बनीपार्क, कानोता, तूंगा
  • आंधी, जमवारामगढ़, सामोद, रायसर, गोविंदगढ़, चंदवाजी, शाहपुरा, अचरोल, विराटनगर
  • पावटा, प्रागपुरा, मनोहरपुर, भाबरू, कालाडेरा, चौमूं, हरमाड़, झोटवाड़ा, करधनी
  • वैशाली नगर, सोडाला, श्याम नगर, गांधी नगर, बजाज नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल
  • सांगानेर, प्रतापनगर, मुहाना, शिवदासपुरा, बगरू, दूदू, फागी तथा फुलेरा

इन सभी थाना क्षेत्रों के निवासियों को अगले 24 घंटे तक मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी की सुविधा नहीं मिल सकेगी।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-jaipur-internet-shutdown-list-of-40-affected-areas-after-jda-bulldozer-action-on-nandpuri-malviya-nagar-10549187.html