राजस्थान में बदलेगा मौसम का मिजाज
राजस्थान में अक्टूबर महीने के आखिरी दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 26 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। इस दिन किसी भी जिले के लिए बारिश या आंधी-तूफान को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम में यह बदलाव 27 अक्टूबर की रात से शुरू होगा, जब उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। इस विक्षोभ के प्रभाव से 29 और 30 अक्टूबर को राज्य के कई संभागों में मौसम का मिजाज बदलने की पूरी संभावना है। मुख्य रूप से जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।
तेज हवाओं की चेतावनी
बारिश के साथ-साथ इन दो दिनों में हवाओं की रफ्तार काफी तेज रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर संभाग में भी 30 अक्टूबर को छिटपुट बारिश के आसार जताए गए हैं।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने इस संभावित बदलाव के मद्देनजर किसानों को सतर्क रहने को कहा है। जो किसान अपनी फसलें या कृषि उपज खुले में रखे हुए हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लें ताकि बारिश से नुकसान न हो।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-rajasthan-aaj-ka-mausam-imd-forecast-western-disturbance-rain-drought-crisis-13-districts-jaipur-pali-jodhpur-weather-update-local18-10936728.html