जामिया प्रशासन की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई
जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने अनाधिकृत प्रवेश यानी ट्रेस पासिंग के आरोप में कांग्रेस के सांसद इमरान मसूद, कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी और समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्ला नदवी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, जामिया कैंपस में पिछले 14 दिनों से छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन छात्रों की मुख्य मांग कैंपस में छात्र संघ चुनावों को दोबारा शुरू करने की है और वे इसके लिए भूख हड़ताल पर भी बैठे हुए हैं।
विवादित नारों ने बढ़ाई चिंता
विश्वविद्यालय परिसर से जुड़ी कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद स्थिति काफी गंभीर हो गई है। हाल ही में जामिया मिल्लिया इस्लामिया की दीवारों पर कई आपत्तिजनक और देश विरोधी नारे लिखे हुए पाए गए। इन नारों में शरजील इमाम की रिहाई की मांग की गई है, साथ ही कश्मीर की आजादी से जुड़ी बातें भी लिखी गई हैं। इसके अलावा दीवारों पर RSS और ABVP के खिलाफ भी भड़काऊ स्लोगन लिखे गए हैं।
बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप या सुनियोजित साजिश
यूनिवर्सिटी के छात्रों का यह तर्क है कि इन गतिविधियों के पीछे किसी बाहरी तत्व का हाथ हो सकता है। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर आकर किसने ये नारे लिखे। यह घटना भारत के शैक्षिक माहौल में नफरत और अराजकता फैलाने की एक बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और यह खबर लगातार अपडेट हो रही है।
https://www.indiatv.in/delhi/jamia-millia-islamia-trespassing-case-imran-masood-imran-pratapgarhi-mohibullah-nadvi-2026-10-25-1250886