वनडे में 200 का आंकड़ा भी नहीं छू पाई पाकिस्तान, बाबर आजम का बल्ला फिर खामोश

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान 190 रन पर ढेर हो गई और 41 रन से हार गई, जिससे सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई। बाबर आजम एक बार फिर नाकाम रहे।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम का प्रदर्शन इन दिनों चिंता का विषय बना हुआ है। हालत यह है कि टीम वनडे प्रारूप में 200 रन तक नहीं जुटा पा रही। पूर्व कप्तान बाबर आजम का बल्ला भी एक बार फिर खामोश रहा। इसी वजह से तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को शिकस्त दे दी और सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है। मेहमान टीम की ओर से कप्तान जोश इंग्लिस और कैमरून ग्रीन ने अर्धशतक जड़े।

ऑस्ट्रेलिया ने बनाए महज 231 रन

ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है और दोनों के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का पहला मुकाबला पाकिस्तान ने अपने नाम किया था, लेकिन दूसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने जोरदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 231 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज एलेक्स कैरी पारी की पहली ही गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।

इंग्लिस और ग्रीन की संभली पारियां

इसके बाद मैदान पर उतरे कप्तान जोश इंग्लिस ने संयमित बल्लेबाजी की। मैथ्यू शॉट 15 और मार्नस लाबुशेन 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। फिर कप्तान को कैमरून ग्रीन का अच्छा साथ मिला। जोश इंग्लिस ने 51 और कैमरून ग्रीन ने 53 रन की पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम किसी तरह 231 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने तीन विकेट झटके, जबकि हॉरिस राउफ, अराफात मिन्हास और अबरार अहमद को दो-दो विकेट मिले।

बाबर नाकाम, शादाब खान की जुझारू पारी

पाकिस्तान के सामने लक्ष्य छोटा था, लेकिन टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज माज सदाकत खाता खोले बिना ही आउट हो गए, वहीं साहिबजादा फरहान सिर्फ 3 रन बना सके। तीसरे नंबर पर आए पूर्व कप्तान बाबर आजम 16 गेंदों पर 16 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। गाजी गोरी ने 37 रन का योगदान दिया, जबकि सलमान अली आगा और अब्दुल समद भी एकल अंक पर ही पवेलियन लौट गए। पाकिस्तान की हार का अंतर और बड़ा हो सकता था, लेकिन शादाब खान ने 104 गेंदों पर 71 रन की ठीकठाक पारी खेलकर इसे थोड़ा कम किया। आखिरकार पाकिस्तानी टीम 44 ओवर में केवल 190 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने यह मुकाबला 41 रन से अपने नाम कर लिया।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/pakistan-cricket-team-failed-to-score-200-runs-in-odis-babar-azam-flop-australia-beat-by-41-runs-2026-06-03-1222656