तंदूरी चिकन का असली स्वाद अब घर पर पाएं, बिना तंदूर के तैयार करें होटल जैसा ज़ायका

अगर आप तंदूरी चिकन के शौकीन हैं और घर पर होटल जैसा स्मोकी स्वाद चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए है। बिना तंदूर के भी आप इसे आसानी से तवा या कड़ाही में बना सकते हैं।

घर पर तंदूरी चिकन बनाने का आसान तरीका

तंदूरी चिकन एक ऐसा लोकप्रिय व्यंजन है जिसका ज़िक्र होते ही खाने के शौकीनों के मुंह में पानी आ जाता है। हालांकि ज्यादातर लोग इसे रेस्टोरेंट में जाकर खाना पसंद करते हैं या बाहर से मंगवाते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसे घर की रसोई में बेहद सरलता से बनाया जा सकता है। अगर आपके घर में तंदूर मौजूद नहीं है, तो भी आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप अपने सामान्य किचन के बर्तनों का उपयोग करके भी बिल्कुल वैसा ही लाजवाब और स्मोकी तंदूरी चिकन तैयार कर सकते हैं। आज हम आपको इसे बनाने की पूरी विधि विस्तार से बताने जा रहे हैं।

आवश्यक सामग्री

  • चिकन: 1 किलोग्राम
  • नींबू का रस: 2 बड़े चम्मच
  • कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
  • नमक: स्वादानुसार
  • गाढ़ा दही: 1 कप
  • अदरक-लहसुन का पेस्ट: 2 बड़े चम्मच
  • सरसों का तेल: 2 बड़े चम्मच
  • गरम मसाला: 1 छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • धनिया पाउडर: 1 बड़ा चम्मच
  • कसूरी मेथी: 1 बड़ा चम्मच
  • चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच
  • काला नमक: आधा छोटा चम्मच

तैयारी की विधि

पहला चरण: सबसे पहले चिकन को साफ पानी से अच्छी तरह धोकर पूरी तरह सूखा लें। अब चिकन के टुकड़ों पर गहरे कट लगाएं ताकि मसाले हड्डियों तक अंदर जा सकें। इसके बाद चिकन पर नींबू का रस, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और नमक का लेप लगाएं। इस मिश्रण को चिकन पर अच्छी तरह लगाने के बाद इसे 30 मिनट के लिए अलग रख दें ताकि यह ठीक से सेट हो जाए।

दूसरा चरण: अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में गाढ़ा दही डालें। इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, सरसों का तेल और सभी सूखे मसाले जैसे गरम मसाला, भुना जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, कसूरी मेथी, चाट मसाला और काला नमक मिलाकर एक पेस्ट तैयार कर लें। अब मैरिनेट किए हुए चिकन को इस दही वाले मसाले के मिश्रण में डालें। सुनिश्चित करें कि मसाला चिकन के हर कोने और लगाए गए कट के अंदर तक अच्छी तरह चला जाए। इस मिश्रण को ढक्कन से ढककर कम से कम 2 से 4 घंटे के लिए मैरिनेट होने दें।

तीसरा चरण: अब एक भारी तली वाली कड़ाही या नॉन-स्टिक ग्रिल पैन लें और उसमें 1 चम्मच मक्खन या तेल गरम करें। मैरिनेट किए हुए चिकन को मध्यम आंच पर कड़ाही में डालें। इसे धीरे-धीरे पलटते हुए तब तक पकाएं जब तक चिकन पर सुनहरे और हल्के गहरे रंग के तंदूरी निशान न उभर आएं। चिकन को अच्छी तरह गलने तक ढककर पकाते रहें।

चौथा चरण: अंत में, तंदूर जैसा असली स्मोकी फ्लेवर देने के लिए एक छोटी कटोरी में एक जलता हुआ कोयला रखें। इस कोयले के ऊपर थोड़ा सा घी या मक्खन डालें ताकि धुआं उठने लगे। अब तुरंत कड़ाही को कसकर ढक्कन से 3 से 4 मिनट के लिए बंद कर दें। इससे धुएं की खुशबू चिकन में पूरी तरह समा जाएगी और आपको बिल्कुल तंदूर जैसा अनुभव मिलेगा।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/how-to-make-tandoori-chicken-at-home-without-a-tandoor-get-that-same-smoky-flavor-here-is-the-recipe-2026-10-23-1250514