क्या ईशा सिंह से रिश्ते में हैं अविनाश मिश्रा? एक्टर ने तोड़ी चुप्पी, बताया कौन तय करेगा उनकी दुल्हन

अविनाश मिश्रा ने ईशा सिंह संग डेटिंग की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया है और साफ किया कि दोनों सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। एक्टर ने यह भी बताया कि उनकी जीवनसंगिनी का चुनाव उनकी मां करेंगी।

टीवी एक्टर अविनाश मिश्रा इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने ईशा सिंह के साथ डेटिंग की अफवाहों पर खुलकर बात की और साफ कर दिया कि दोनों के बीच किसी तरह का रोमांटिक रिश्ता नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी शादी और लाइफ पार्टनर को लेकर भी एक खास खुलासा किया।

मुंबई में खरीदा अपना घर

लंबे समय तक किराए के मकान में रहने के बाद अविनाश ने आखिरकार मायानगरी मुंबई में अपना खुद का आशियाना खरीद लिया है। यह पल उनके लिए बेहद खास रहा और एक्टर ने इसे अपनी जिंदगी का सबसे यादगार और बेहतरीन दिन बताया। इसी दौरान उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़ी कई बातें भी साझा कीं।

खुद को क्यों मानते हैं भाग्यशाली

30 साल के अविनाश मिश्रा ने एक इंटरव्यू में कहा, 'जब मैं मुंबई आया था, तब घर खरीदना मेरे लिए एक बड़ी बात थी और इसे हासिल करने में मुझे 10 साल लग गए। यह एक नई शुरुआत है और मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानता हूं। अब मैं सिर्फ अपने काम पर फोकस करना चाहता हूं।'

ईशा सिंह संग रिश्ते की सच्चाई

'नाथ' सीरियल से पहचान बनाने वाले अविनाश मिश्रा का नाम 'बिग बॉस' की को-कंटेस्टेंट ईशा सिंह के साथ जोड़ा जाता रहा है। हाल ही में दोनों की सगाई की अफवाहें भी जोरों पर थीं, जिन पर एक्टर ने चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा, 'हम एक म्यूजिक वीडियो का प्रमोशन कर रहे थे, जो एक शादी का गाना था और उसमें मेहंदी, संगीत और फेरे जैसे रीति-रिवाज शामिल थे।'

कौन चुनेगा अविनाश की दुल्हन

अपने और ईशा के रिश्ते को लेकर पूछे जाने पर अविनाश ने कहा, 'मुझे सिर्फ ईशा के साथ ही नहीं, बल्कि कई और लोगों के साथ भी देखा जाता है। मेरे बहुत सारे दोस्त हैं। मैं सिंगल हूं और यह मेरी मां ही तय करेंगी कि मेरी शादी किससे होगी। ईशा और मैं सिर्फ बहुत अच्छे दोस्त हैं, बस इतना ही।'

बिग बॉस 18 में हार का मलाल

'बिग बॉस 18' के जरिए घर-घर में पहचान बनाने वाले अविनाश आज भी मानते हैं कि शो न जीत पाने का उन्हें अफसोस रहा। एक्टर ने कहा, 'मुझे जीत की उम्मीद थी, लेकिन कोई बात नहीं। यह एक शानदार सफर था और मैं कहूंगा कि इसने मुझे बदलकर रख दिया।' फिलहाल वे 'खतरों के खिलाड़ी' के लिए तैयारी कर रहे हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/tv/avinash-mishra-breaks-silence-on-eisha-singh-dating-speculation-shares-marriage-plans-2026-06-07-1223643