लव मैरिज के 5 महीने बाद ही गर्भवती भारती की रहस्यमय मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

बैरागढ़ में प्रेम विवाह करने वाली 25 वर्षीय भारती सोलंकी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। वह 4 महीने की गर्भवती थी और मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।

भोपाल के बैरागढ़ स्थित संजय नगर इलाके में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय भारती सोलंकी के रूप में हुई है। भारती की शादी को महज 5 महीने ही हुए थे और वह गर्भवती भी थी। मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस फिलहाल इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच में जुटी है।

परिवार की मर्जी के खिलाफ रचाई थी शादी

भारती सोलंकी ने 5 महीने पहले विक्की सोलंकी के साथ प्रेम विवाह किया था। मिली जानकारी के अनुसार, उसके परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे, इसके बावजूद भारती ने अपनी इच्छा से विक्की के साथ जीवन बिताने का फैसला लिया। शादी से पहले वह एक ज्वेलरी शॉप में काम करती थी। इसी दौरान विक्की से उसकी मुलाकात हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए, जो आगे चलकर विवाह में बदल गए।

4 महीने की गर्भवती थी मृतका

शादी के बाद भारती गृहिणी की भूमिका में थी और वह 4 महीने की गर्भवती थी। बताया जा रहा है कि मौत से सिर्फ दो दिन पहले ही उसने डॉक्टर के पास जाकर अपना रूटीन चेकअप करवाया था। शनिवार की रात संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। इसके बाद रविवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।

पति से हुआ था विवाद

भारती के परिजनों का कहना है कि घटना से पहले उसका अपने पति विक्की के साथ झगड़ा हुआ था। विवाद की वजह विक्की का किसी अन्य महिला से फोन पर बातचीत करना बताया जा रहा है। इसी बात को लेकर भारती नाराज थी और दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी।

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

भारती की मौत के बाद उसके मायके पक्ष ने हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस अभी इस मामले को आत्महत्या के नजरिए से देख रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/bhopal-bharti-solanki-case-love-marriage-5-months-ago-pregnant-woman-died-family-alleges-murder-local18-10548907.html