श्रीगंगानगर में गहराया पानी का संकट, सड़कों पर उतरे किसान
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के घड़साना क्षेत्र में सिंचाई के पानी के नियमन की मांग पर अड़े किसानों का प्रदर्शन अब उग्र रूप ले चुका है। रविवार को आंदोलन का 39वां दिन है, लेकिन समाधान न निकलने से नाराज अन्नदाताओं का सब्र आखिरकार टूट गया। गुस्साए किसानों ने बिरधवाल हेड की तरफ कूच करते हुए रास्ते में डब्बर मोड़ पर जाम लगा दिया है। सड़क पर चक्काजाम की खबर मिलते ही पुलिस बल और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
बिरधवाल हेड पर कब्जे और पानी छुड़वाने की चेतावनी
धरना स्थल से आगे बढ़ते हुए किसान संगठनों ने बड़ा ऐलान किया है कि वे बिरधवाल हेड पर अपना कब्जा करेंगे और अनूपगढ़ शाखा में सिंचाई के लिए पानी छुड़वाएंगे। किसानों के इस आक्रामक रुख को देखते हुए इलाके में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है।
जयपुर में 12 सदस्यीय दल का धरना जारी
एक तरफ जहां जमीनी स्तर पर विरोध प्रदर्शन तेज हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ किसानों का एक 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राज्य की राजधानी में मोर्चा संभाले हुए है। यह प्रतिनिधिमंडल शनिवार रात से ही जयपुर स्थित इंदिरा गांधी नहर परियोजना भवन पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा हुआ है।
सिंचाई मंत्री के साथ वार्ता रही बेनतीजा
इससे पहले शनिवार को राज्य के सिंचाई मंत्री सुरेश रावत के साथ किसान प्रतिनिधियों की बातचीत आयोजित की गई थी। हालांकि, यह वार्ता पूरी तरह बेनतीजा साबित हुई। अब किसानों को रविवार को शासन के साथ एक बार फिर से बातचीत होने की उम्मीद है। प्रदर्शनकारी किसानों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सहमति नहीं बनती है, तो इस आंदोलन को और अधिक व्यापक तथा तेज किया जाएगा।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/sri-ganganagar-gharsana-farmers-protest-39th-day-dabbar-mod-jam-birdhwal-head-irrigation-water-10918218.html