जर्मनी के दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आखिरकार अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब अपनी झोली में डाल लिया। 7 जून को खेले गए फ्रेंच ओपन के फाइनल में उन्होंने 14वीं वरीयता प्राप्त फ्लेवियो कोबोली को मात देकर यह उपलब्धि हासिल की। ज्वेरेव ने यह रोमांचक मुकाबला 6-1, 4-6, 6-4, 6-7 और 6-1 के अंतर से जीता। इससे पहले वह ऑस्ट्रेलियन ओपन और US ओपन में उपविजेता रह चुके थे। यह उनके करियर का दूसरा फ्रेंच ओपन फाइनल था और इस बार वह जीत हासिल करने में सफल रहे।
पहले सेट में कोबोली ने कीं कई चूक
मुकाबले के शुरुआती सेट में इटली के युवा खिलाड़ी फ्लेवियो कोबोली लय में नहीं दिखे और उन्होंने एक के बाद एक कई गलतियां कीं, जिनका सीधा लाभ अलेक्जेंडर ज्वेरेव को मिला। हालांकि कोबोली ने हिम्मत नहीं हारी और दमदार वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-4 से जीत लिया। इसके बाद तीसरे सेट में उन्हें शिकस्त मिली, लेकिन चौथे सेट में उन्होंने कड़ी टक्कर दी और टाईब्रेक में बाजी मारकर मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया। पांचवें सेट में ज्वेरेव ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और इसे 6-1 से जीतकर इतिहास रच दिया।
तीन बार फाइनल में मिली थी हार
फ्रेंच ओपन 2026 का खिताब जीतने से पहले अलेक्जेंडर ज्वेरेव तीन मौकों पर ग्रैंड स्लैम के फाइनल तक पहुंचे थे, मगर हर बार उन्हें निराशा हाथ लगी। सबसे पहले 2020 के US ओपन फाइनल में डोमिनिक थिएम ने उन्हें पांच सेटों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराया। इसके बाद 2024 के फ्रेंच ओपन फाइनल में कार्लोस अल्काराज ने पांच सेट तक चले मैच में उन्हें मात दी। फिर 2025 के ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जानिक सिनर ने उन्हें सीधे सेटों में पटखनी दी थी।
ज्वेरेव को कितनी मिली इनामी राशि?
फ्रेंच ओपन 2026 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के विजेताओं को समान इनामी राशि दी गई। महिला सिंगल्स का खिताब रूस की युवा खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने अपने नाम किया और उन्हें इनाम के रूप में 28 लाख यूरो (करीब 30.80 करोड़ रुपये) मिले। वहीं पुरुष सिंगल्स का खिताब जीतने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव को भी 30.80 करोड़ रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई।
दिलचस्प बात यह है कि टेनिस के इस टूर्नामेंट की यह प्राइज मनी दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग यानी आईपीएल जीतने वाली टीम को मिलने वाले इनाम से भी लगभग 10 करोड़ रुपये अधिक है। आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद RCB को 20 करोड़ रुपये मिले थे।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/french-open-2026-final-alexander-zverev-wins-first-grandslam-beats-flavio-cobolli-in-final-2026-06-07-1223637