सौरव जोशी और अवंतिका के अलग रहने की वजह बना 'काला महीना', यूट्यूबर ने 7 महीने में तलाक की अफवाहों पर तोड़ी चुप्पी

लंबे समय से तलाक की खबरों में घिरे यूट्यूबर सौरव जोशी ने आखिरकार बताया कि उनकी पत्नी अवंतिका भट्ट उनके व्लॉग्स से क्यों गायब थीं। असली वजह उनकी पहाड़ी संस्कृति की 'काला महीना' परंपरा निकली।

भारत के सबसे लोकप्रिय और संपन्न यूट्यूबर्स में शुमार सौरव जोशी काफी समय से अपने तलाक की अटकलों को लेकर सुर्खियों में बने हुए थे। यह चर्चा उस वक्त जोर पकड़ने लगी, जब दर्शकों ने गौर किया कि उनकी पत्नी अवंतिका भट्ट अब उनके व्लॉग्स में नजर नहीं आ रही थीं। उस दौरान सौरव ने सिर्फ इतना कहा था कि किसी कारणवश अवंतिका फिलहाल मौजूद नहीं हैं और सही समय आने पर वह अपने प्रशंसकों को इसकी असली वजह बताएंगे। अब यूट्यूबर ने इस पूरे मामले पर खुलकर सच्चाई सामने रख दी है।

तलाक की अफवाहों पर सौरव की सफाई

7 जून 2026 को सौरव ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक नया व्लॉग साझा किया। वीडियो की शुरुआत में ही उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी अवंतिका को लेने उनके घर जा रहे हैं। आगे चलकर इसी व्लॉग में उन्होंने अवंतिका की गैरमौजूदगी की असली वजह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि किस तरह लोग अवंतिका के न दिखने पर तरह-तरह के सवाल खड़े करने लगे थे और कयास लगाए जा रहे थे कि शादी के महज 7 महीने बाद कहीं दोनों के बीच तलाक तो नहीं हो रहा। अवंतिका के लगातार नजर न आने से कई लोगों को यकीन हो चला था कि दोनों अलग होने वाले हैं। जब उनके सबसे छोटे कजिन कुनाली ने अवंतिका के बारे में पूछा, तो सौरव ने जवाब दिया कि ऐसा 'काला महीना' की वजह से हुआ है।

आखिर क्यों अलग रहे सौरव और अवंतिका

सौरव ने बताया कि उनकी पहाड़ी संस्कृति में एक 'काला महीना' होता है, जिसमें अशुभ होने की आशंका के चलते पत्नियां अपने पति का चेहरा नहीं देखतीं। उन्होंने स्वीकार किया कि इस तरह की रीति-रिवाजों की उन्हें खुद कोई जानकारी नहीं थी, लेकिन चूंकि उनका परिवार इन परंपराओं में आस्था रखता है, इसलिए उन्हें भी इसका पालन करना पड़ा। सौरव के मुताबिक यह 'काला महीना' हर तीन साल बाद आता है। उन्होंने कहा:

'जी हां दोस्तों, ये वजह थी अवंतिका और मेरे अलग रहने की, उनके गायब होने की वजह, क्योंकि काला महीना में पति की शकल नहीं देखनी होती सास की आंख फूट जाती है। इतने दिन से देखा भी नहीं था व्लॉग भी नहीं देखा था। मैं तो वैसे मानता नहीं हूं पर मानते हुए आ रहे हैं तो फॉलो करते हैं तो यही वजह है अवंतिका के जान की। अब कोई भी बिना मतलब की अफवाह मत फैलना।'

यूट्यूब ने बना दिया करोड़पति

अपनी कड़ी मेहनत के दम पर सौरव जोशी ने सिर्फ 26 साल की उम्र में बड़ी कामयाबी हासिल कर ली है। उनका पालन-पोषण उत्तराखंड के सोमेश्वर में हुआ है। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने यूट्यूब पर अपने स्केच अपलोड करने शुरू किए। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार और निजी जिंदगी पर आधारित व्लॉगिंग की शुरुआत की, जिसे दर्शकों ने हाथों-हाथ लिया। महामारी के दौर में उन्होंने लगातार 365 दिनों तक रोजाना व्लॉग अपलोड किए और आज एक बड़े स्टार बन चुके हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/sourav-joshi-breaks-silence-on-divorce-with-avantika-within-7-months-after-their-marriage-what-is-kala-mahina-2026-06-07-1223601