यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए योगी सरकार का बड़ा फैसला, अभ्यर्थियों को बस किराये में मिलेगी 50% छूट

यूपी सरकार ने सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाने पर बसों में 50 फीसदी किराया छूट देने का ऐलान किया है। लखनऊ में तीन दिन चलने वाली परीक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभ्यर्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। परीक्षा देने के लिए सफर करने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी बसों में 50 फीसदी किराया छूट दी जाएगी। यह राहत अभ्यर्थियों को बसों में अपना प्रवेश पत्र दिखाने पर मिलेगी।

तीन दिन चलेगी लिखित परीक्षा

कल (8 मई) से शुरू होकर तीन दिन तक चलने वाली सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा के लिए लखनऊ पुलिस ने सख्त इंतजाम किए हैं। इन तीन दिनों में लखनऊ के 55 परीक्षा केंद्रों पर करीब 135936 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठेंगे। हर दिन परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी और प्रत्येक पाली में करीब 22656 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

कहां कितनी तैनाती

परीक्षा को निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराने के लिए 1626 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 55 इंस्पेक्टर, 255 सब इंस्पेक्टर, 300 हेड कांस्टेबल, 600 कांस्टेबल और 300 महिला कांस्टेबल शामिल हैं। जिला कंट्रोल रूम में एक एसीपी, एक सब इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल तैनात किए गए हैं, जबकि सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ हमराही ड्यूटी में 110 कांस्टेबल लगाए गए हैं।

हर परीक्षा केंद्र की निगरानी के लिए एक नोडल पुलिस अधिकारी तैनात किया गया है। इसके अलावा केंद्र प्रभारी और कंट्रोल रूम प्रभारी के रूप में भी पुलिसकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चेकिंग और फ्रिस्किंग के लिए हर 244 अभ्यर्थियों पर एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल, दो कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल की तैनाती की गई है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने इलाकों में लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं।

नकल माफिया पर सख्ती, उम्रकैद तक की चेतावनी

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने 29 लाख अभ्यर्थियों की इस परीक्षा के लिए कड़ी सुरक्षा, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और नकल माफिया के खिलाफ आजीवन कारावास तक की कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस भर्ती बोर्ड के डीआईजी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज के अनुसार, शासन की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सुरक्षा के लिहाज से बायोमेट्रिक जांच से लेकर एआई कैमरों तक के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-up-police-recruitment-exam-50-percent-discount-buses-local18-10548826.html