दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हाल ही में लगी भीषण आग के मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तराखंड के एक निवासी को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री से बातचीत की है। बुधवार को हुए इस अग्निकांड में 22 लोगों की जान चली गई थी।
धामी की दिल्ली की मुख्यमंत्री से अपील
मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बात कर होटल में रसोइये के तौर पर काम करने वाले आरोपी केशव नेगी के मामले में निष्पक्ष जांच का अनुरोध किया। रविवार को सोशल मीडिया मंच 'फेसबुक' पर साझा की गई एक पोस्ट में धामी ने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और जांच पूरी तरह तथ्यों एवं सबूतों के आधार पर ही होगी।
धामी ने उम्मीद जताई कि दिल्ली सरकार और संबंधित एजेंसियां सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच को सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने नेगी की बेटी से भी बातचीत की और उसे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देश भर में रह रहे प्रवासी उत्तराखंड समुदाय के साथ मजबूती से खड़ी है।
कांग्रेस ने गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
इस बीच, उत्तराखंड कांग्रेस ने नेगी की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना करते हुए इसे दिल्ली सरकार और पुलिस द्वारा असली दोषियों को बचाने की कोशिश करार दिया है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गिरफ्तारी के आधार पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेगी होटल में सिर्फ रसोइये के रूप में काम कर रहा था और अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं थी।
'फेसबुक' पर जारी एक वीडियो संदेश में गोदियाल ने कहा कि आग लगने के दौरान लोगों का अपनी जान बचाने के लिए भागना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जांच का केंद्र इस बात पर होना चाहिए कि होटल में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं और स्थानीय नगर निगम के निरीक्षकों ने अपना दायित्व निभाया था या नहीं। उन्होंने चेताया कि दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड के 10 लाख से अधिक प्रवासियों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्या है पूरा मामला
दिल्ली पुलिस ने शनिवार को नेगी को गिरफ्तार किया था। जांचकर्ताओं का आरोप है कि शुरुआती निष्कर्षों से यह संकेत मिलता है कि बुधवार सुबह लगी आग में उसकी लापरवाही की भूमिका हो सकती है। दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को नेगी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
बीते तीन जून की सुबह होटल में लगी भीषण आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसमें 16 वर्षीय एक किशोरी समेत 22 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में किर्गिस्तान, नाइजीरिया, बांग्लादेश, इराक, कांगो, मोजाम्बिक और लाइबेरिया के कई विदेशी नागरिक भी शामिल थे।
होटल मालिक पर कार्रवाई
पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर गैर-इरादतन हत्या समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया है। मालवीय नगर पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, जांच में सामने आया है कि होटल को केवल छह कमरों की अनुमति थी, इसके बावजूद वहां 25 कमरे बना दिए गए थे। पुलिस की कई टीमें होटल मालिक के सहयोगी जय मिश्रा का पता लगाने में जुटी हैं, जो घटना के बाद से फरार है।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/dehradun-malviya-nagar-fire-why-uttarakhand-cm-pushkar-singh-dhami-seek-help-from-delhi-cm-rekha-gupta-local18-10548819.html