तेजी की लहर में सोना और चांदी
वैश्विक स्तर पर अमेरिकी डॉलर की कीमतों में आई गिरावट के चलते निवेशकों का भरोसा कीमती धातुओं में बढ़ गया है। इस सकारात्मक रुझान का सीधा असर घरेलू सर्राफा बाजार पर देखने को मिला है। शुक्रवार को दिल्ली के बाजार में सोने और चांदी के दाम आसमान छूते नजर आए। दिल्ली में शुक्रवार को एक ही दिन के भीतर चांदी 4500 रुपये और सोना 1900 रुपये महंगा हो गया। गौरतलब है कि शनिवार और रविवार को सर्राफा बाजार में कामकाज बंद रहता है, इसलिए इन दो दिनों के लिए यह भाव आखिरी कारोबारी सत्र के हैं।
दो दिनों में सोने ने लगाई 5500 रुपये की लंबी छलांग
अखिल भारतीय सर्राफा संघ द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1900 रुपये की बढ़त के साथ 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर जा पहुंचा। इससे एक दिन पहले, यानी गुरुवार को सोने में 3600 रुपये की जोरदार तेजी दर्ज की गई थी, जिसके बाद यह 1,52,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस तरह, केवल दो दिनों के कारोबारी सत्र में सोने की कीमत में कुल 5500 रुपये का इजाफा हुआ है।
चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ा उछाल
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी तेजी देखी गई। लंबे समय तक गिरावट का सामना करने के बाद, शुक्रवार को चांदी की कीमत 4500 रुपये उछलकर 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। ध्यान देने वाली बात यह है कि गुरुवार को चांदी के भाव में 3000 रुपये की गिरावट आई थी और यह 2.24 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर थी। सप्ताह के शुरुआती तीन दिनों में चांदी की कीमतें स्थिर बनी हुई थीं, लेकिन सप्ताह के अंत में इसने मजबूती दिखाई है।
डॉलर की गिरावट का कीमती धातुओं पर प्रभाव
लेमन के रिसर्च हेड गौरव गर्ग के मुताबिक, अमेरिकी डॉलर के हालिया उच्च स्तरों से नीचे आने की वजह से कीमती धातुओं को काफी समर्थन मिला है। बाजार में महंगाई को लेकर चिंताएं अभी भी बरकरार हैं, लेकिन डॉलर में आई कमजोरी ने सोने के प्रति आकर्षण को फिर से बढ़ा दिया है। गर्ग का यह भी मानना है कि कीमती धातुओं में व्यापक सुधार का सीधा लाभ चांदी को भी मिल रहा है। इसके अतिरिक्त, रुपये में लगातार आ रही कमजोरी के कारण आयातित वस्तुओं की घरेलू लागत बढ़ रही है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, उतार-चढ़ाव से भरे इस सप्ताह के पिछले दो कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतों में 4,600 रुपये या 3.07 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि घरेलू चांदी की कीमतों में करीब एक प्रतिशत यानी 1,500 रुपये की तेजी आई है।
वैश्विक बाजार में कीमती धातुओं की चाल
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की मांग में तेजी है। वैश्विक स्तर पर हाजिर सोने की कीमत 48.35 डॉलर यानी 1.17 प्रतिशत बढ़कर 4,181.98 डॉलर प्रति औंस दर्ज की गई। वहीं, चांदी जो कि हाल में तीन महीने के निचले स्तर तक गिर गई थी, उसमें दो प्रतिशत का उछाल आया और यह 60.32 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गई।
तेल की कीमतें बिगाड़ सकती हैं सोने का गणित
मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने बाजार का विश्लेषण करते हुए बताया कि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बीच सोना करीब 4,180 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सोने की कीमतें एक सीमित दायरे में रह सकती हैं और इनमें हल्की तेजी का रुख बना रहने की संभावना है। हालांकि, प्रवीण सिंह ने एक चेतावनी भी दी है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में अचानक कोई बड़ी तेजी दर्ज की जाती है, तो सोने के भाव पर दबाव पड़ सकता है।
https://www.indiatv.in/paisa/business/gold-prices-rose-by-rs-5500-in-two-days-silver-prices-increased-by-rs-4500-in-a-single-day-2026-10-10-1248059