दिल्ली पुलिस ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को लिया हिरासत में, CJP के प्रदर्शन से पहले हुई कार्रवाई

यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से सुबह 8 बजे हिरासत में लिया है, जिसके बाद से ही मामले की चर्चा तेज हो गई है। राठी जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे।

गुरुग्राम स्थित आवास से पुलिस ने लिया हिरासत में

प्रसिद्ध यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस ने उन्हें आज सुबह करीब 8 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, ध्रुव राठी आज कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP द्वारा आयोजित किए जा रहे विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले थे। वे पिछले कुछ समय से लगातार सोशल मीडिया के जरिए इस प्रदर्शन को अपना समर्थन दे रहे थे। इससे एक दिन पहले शुक्रवार की रात को ध्रुव राठी इंडिया गेट भी गए थे।

देर रात से ही पुलिस का था पहरा

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की लगभग 50 सदस्यीय टीम देर रात से ही ध्रुव राठी के घर के बाहर तैनात थी। आज सुबह जैसे ही ध्रुव की मां ने घर का दरवाजा खोला, पुलिस टीम तुरंत अंदर दाखिल हुई और उन्हें हिरासत में लेकर चली गई। फिलहाल दिल्ली पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है कि ध्रुव राठी को किस विशिष्ट मामले या कानून के तहत हिरासत में लिया गया है। जिस समय यह घटना हुई, वह गुरुग्राम के केंद्रीय विहार स्थित अपने घर में मौजूद थे।

हाल ही में लौटे थे भारत

ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को ही भारत आए थे। भारत आने के तुरंत बाद वह बेंगलुरु में सीईसी ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के खिलाफ आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके अगले ही दिन यानी 9 अक्टूबर की रात को वह दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने इंडिया गेट से एक वीडियो भी साझा किया था। इसके बाद वह गुरुग्राम अपने घर चले गए और आज शनिवार को जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की योजना बना रहे थे।

जंतर-मंतर पर दिल्ली पुलिस का सख्त पहरा

इधर दिल्ली में SIR और सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन तेज हो गया है। दिल्ली पुलिस इस मामले को लेकर बेहद सतर्क है। प्रदर्शनकारी जैसे ही जंतर-मंतर की ओर बढ़ रहे हैं, पुलिस उन्हें तुरंत डिटेन कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी प्रदर्शनकारी को जंतर-मंतर तक पहुंचने नहीं दिया जा रहा है और जो भी वहां पहुँचने का प्रयास कर रहा है, पुलिस उन्हें मौके पर ही हिरासत में ले रही है।

https://www.indiatv.in/haryana/cjp-protest-youtuber-dhruv-rathee-detained-by-delhi-police-from-gurugram-2026-10-10-1248008