बुंदेलखंड को मिली बड़ी सौगात, चर्लपल्ली एक्सप्रेस से अब नागपुर-हैदराबाद का सफर होगा आसान

रीवा से हैदराबाद जाने वाली चर्लपल्ली एक्सप्रेस अब सागर और बीना होते हुए चलेगी, जिससे बुंदेलखंड के हजारों यात्रियों को दक्षिण भारत से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। रेल मंत्रालय ने इस ट्रेन के नियमित परिचालन को मंजूरी दे दी है।

सागर समेत पूरे बुंदेलखंड के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से मध्य भारत के इस इलाके को दक्षिण भारत से जोड़ने की जो मांग उठ रही थी, वह अब लगभग पूरी होती दिख रही है। रीवा से हैदराबाद के बीच चलने वाली चर्लपल्ली एक्सप्रेस अब सागर और बीना होते हुए संचालित की जाएगी, जिससे बुंदेलखंड की रेल कनेक्टिविटी सीधे नागपुर और हैदराबाद जैसे बड़े महानगरों से जुड़ जाएगी।

सागर और बीना पर होगा ट्रेन का ठहराव

नई व्यवस्था के तहत इस ट्रेन का ठहराव सागर जिले के दो प्रमुख स्टेशनों सागर और बीना पर होगा। इसी वजह से सागर शहर के साथ-साथ पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इस ट्रेन को नियमित रूप से चलाने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

तीन-चार दशकों पुरानी मांग

पिछले 3-4 दशकों से बुंदेलखंड क्षेत्र को नागपुर और हैदराबाद जैसे महानगरों से जोड़ने की मांग चलती आ रही थी। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों ने कई बार धरना-प्रदर्शन किए। जनप्रतिनिधियों ने संसद में भी यह मुद्दा उठाया, जिम्मेदार अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकातें कीं तथा पत्राचार भी किया। लेकिन हर बार यह मांग ठंडे बस्ते में चली जाती थी।

इस बार बरसों पुरानी इस मांग को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से लिया। पिछले दिनों सागर सांसद ने इस सिलसिले में लगातार मुलाकातें कीं और क्षेत्र की समस्याओं, यहां के पिछड़ेपन तथा दक्षिण भारत तक पहुंचने में लोगों को आने वाली असुविधाओं से रेल मंत्री को अवगत कराया।

रेल मंत्री ने पत्र लिखकर दी जानकारी

सागर और आसपास के जिलों के लोगों की वर्षों पुरानी इस मांग को आखिरकार स्वीकृति मिल गई। रेल मंत्री ने 4 जून को सागर सांसद को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी। पत्र में लिखा गया कि जनसुविधा के लिए संसदीय क्षेत्र सागर को हैदराबाद एवं अन्य शहरों से जोड़ने के लिए नई रेलगाड़ी के परिचालन के संबंध में सूचना देते हुए प्रसन्नता हो रही है।

पत्र के अनुसार, रीवा से हैदराबाद (वाया सागर एवं बीना) के लिए नई रेलगाड़ी संख्या 20158/20157 रीवा चर्लपल्ली एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी गई है।

दक्षिण भारत से सीधी कनेक्टिविटी का लाभ

सागर और बुंदेलखंड क्षेत्र के लोग सबसे अधिक इलाज के लिए नागपुर और हैदराबाद जैसे शहरों का रुख करते हैं। इसके अलावा यहां विद्यार्थियों, व्यापारियों और आईटी सेक्टर से जुड़े लोगों की भी खूब आवाजाही रहती है। अब तक सागर से यात्री इन शहरों तक बसों या निजी वाहनों के माध्यम से सफर करते थे, लेकिन रेल कनेक्टिविटी मिलने से उनकी पहुंच आसान हो जाएगी। रेल यात्रा में किराया कम लगेगा और सफर भी अपेक्षाकृत आरामदायक रहेगा।

हालांकि यह ट्रेन कब से शुरू की जाएगी, इसका समय-सारिणी (टाइम टेबल) आना अभी बाकी है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/sagar-charlapalli-express-run-from-rewa-to-nagpur-via-sagar-bina-new-train-local18-10548551.html