पलक्कड़: केरल के पलक्कड़ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने केएसआरटीसी की एक बस चुरा ली, मगर उसे चलाकर भाग पाने में नाकाम रहा। बस लेकर निकलने के बाद आरोपी ने उसे शहर के कई इलाकों में दौड़ाया, परंतु वाहन लगातार बेकाबू होता रहा और कई घरों तथा दुकानों से जा टकराया। आखिरकार आरोपी बस को वहीं छोड़कर भाग खड़ा हुआ। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल करते हुए आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं।
कई मकानों और दुकानों से टकराई बस
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने रविवार को बताया कि एक अज्ञात शख्स ने पलक्कड़ डिपो के पास खड़ी केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस चुरा ली। पुलिस के अनुसार, बस चुराने के बाद आरोपी ने उसे कई घरों और दुकानों से टकरा दिया, जिससे बस के साथ-साथ दूसरी संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा। हालांकि वारदात के बाद वह बस को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना करीब 2.50 बजे की है। उस समय बस डिपो के बाहर खड़ी थी, तभी आरोपी पहुंचा और केएसआरटीसी की साधारण सेवा वाली इस बस को लेकर निकल गया।
लावारिस हालत में मिली बस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने बस को बेहद लापरवाही से चलाया। चोरी करने के बाद उसने वाहन को शहर के कुछ हिस्सों में दौड़ाया और कई स्थानों पर उससे टक्कर मार दी। इस दौरान एक घर की चारदीवारी और एक दुकान को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने बताया कि इस पूरी घटना में बस को भी क्षति पहुंची है। रविवार सुबह यह बस पलक्कड़ शहर में मंगलम टावर्स के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम आरोपी की पहचान और उसकी तलाश के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पलक्कड़ दक्षिण पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि राज्य के दूसरे हिस्सों में भी पहले इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें खड़ी KSRTC बसों को बिना अनुमति के चलाया गया था।
https://www.indiatv.in/india/national/man-steals-ksrtc-bus-and-hits-several-houses-in-palakkad-2026-06-07-1223607