रियाद जाने वाली उड़ानों में भारी बदलाव
भारत से सऊदी अरब की राजधानी रियाद के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। यह स्थिति तब उत्पन्न हुई जब यमन स्थित ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मिसाइल से हमले का दावा किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने संयुक्त रूप से यह निर्णय लिया है कि वे 10 अक्टूबर 2026 तक रियाद के लिए अपनी कोई भी उड़ान संचालित नहीं करेंगे। केवल एयर इंडिया ही नहीं, बल्कि इंडिगो और अकासा एयर जैसी अन्य प्रमुख भारतीय विमानन कंपनियों ने भी रियाद जाने वाली अपनी सेवाएं फिलहाल रद्द कर दी हैं।
हवाई अड्डे का यात्रियों के लिए विशेष निर्देश
इस संकट के बीच किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रशासन ने 8 अक्टूबर को एक आधिकारिक ट्रैवल अलर्ट जारी किया है। हवाई अड्डे के प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि विमानों के आवागमन में अनिश्चितता को देखते हुए यात्री किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अपने उड़ान का स्टेटस चेक करने हेतु सीधे संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें। सऊदी अरब में स्थित भारतीय दूतावास ने भी हवाई अड्डे के इस अलर्ट को साझा करते हुए यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस सूचना के बाद से रियाद की यात्रा करने वाले भारतीय यात्रियों में काफी चिंता देखी जा रही है।
उड़ानों के संचालन पर लगा विराम
फ्लाइट रडार 24 द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, भारतीय समयानुसार शाम 4 बजकर 29 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की गई थी कि रियाद एयरपोर्ट पर पिछले 80 मिनट से किसी भी विमान की लैंडिंग नहीं हुई थी। इसके अलावा, पिछले 90 मिनट से एयरपोर्ट से कोई भी फ्लाइट टेक-ऑफ करने में असमर्थ रही। हालांकि बाद में यह जानकारी आई कि उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है, लेकिन हूतियों के हमले के दावों ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
हूती विद्रोहियों की ओर से लगातार हमले की धमकियां
यमन के हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब के महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की बात कर रहे हैं। किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमले के दावे से पहले, उन्होंने यमन के अदन बंदरगाह स्थित हवाई अड्डे पर भी मिसाइल दागने का दावा किया था। इतना ही नहीं, हूती गुट ने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में स्थित विभिन्न सैन्य ठिकानों पर भी हमले करने की बात कही है। सऊदी अरब के हवाई अड्डों और सैन्य ठिकानों पर हूतियों के हमले की घटनाएं पहले भी चिंता का विषय बनी रही हैं।
https://www.indiatv.in/india/national/air-india-flight-turns-back-mid-air-after-houthi-missile-attack-claim-at-riyadh-airport-flights-suspended-2026-10-08-1247753