पत्नी और बेटे की कब्रों के बीच मिला कैंसर पीड़ित पति का शव, 11 दिन में बिखर गया पूरा परिवार

मुंह के कैंसर से जूझ रहे 40 वर्षीय सुबहान अहमद का शव चरखारी के कब्रिस्तान में उनकी पत्नी और छह वर्षीय बेटे की कब्रों के बीच मिला, जिसमें उनका एक हाथ पत्नी की और दूसरा बेटे की कब्र पर रखा था। महज 11 दिनों में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से सामने आई एक घटना ने हर देखने वाले की आंखें नम कर दी हैं। चरखारी कस्बे के एक कब्रिस्तान में 40 वर्षीय सुबहान अहमद का शव उनकी पत्नी और छह वर्षीय बेटे की कब्रों के ठीक बीच पड़ा मिला। सबसे ज्यादा भावुक कर देने वाला दृश्य यह था कि सुबहान का एक हाथ पत्नी की कब्र पर और दूसरा हाथ बेटे की कब्र पर रखा हुआ था। यह मंजर जिसने भी देखा, उसकी आंखें भर आईं।

महज 11 दिनों के भीतर एक ही परिवार में तीन सदस्यों की मौत ने पूरे क्षेत्र को सन्न कर दिया है। मूल रूप से मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर क्षेत्र के रहने वाले सुबहान अहमद मुंह के कैंसर से पीड़ित थे और अपनी पत्नी रजिया खातून तथा चार बच्चों के साथ जीवन गुजार रहे थे।

25 मई से शुरू हुआ दुखों का सिलसिला

परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ 25 मई को टूटा, जिसकी टीस अब तक कम नहीं हुई है। परिजनों के अनुसार सबसे पहले छह वर्षीय हसनैन की तबीयत अचानक उल्टी-दस्त से बिगड़ गई। उसे अस्पताल ले जाते समय ही उसकी मौत हो गई।

बेटे के बाद मां भी नहीं रहीं

मासूम बेटे की मौत का सदमा मां रजिया खातून बर्दाश्त नहीं कर पाईं। उनकी भी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां और बेटे को चरखारी की ईदगाह के पास स्थित कब्रिस्तान में अगल-बगल दफनाया गया।

हर सुबह कब्रिस्तान जाते थे सुबहान

पत्नी और बेटे को खोने के बाद सुबहान पूरी तरह टूट चुके थे। वह अपने बाकी तीन बच्चों के साथ ससुराल में रह रहे थे और रोज सुबह कब्रिस्तान जाकर पत्नी व बेटे की कब्र पर फातेहा पढ़ते थे। शुक्रवार को भी वह यही कहकर घर से निकले थे कि फातेहा पढ़ने जा रहे हैं, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी नहीं लौटे।

चिंतित परिजन जब उन्हें खोजते हुए कब्रिस्तान पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर अवाक रह गए। सुबहान अपनी पत्नी और बेटे की कब्रों के बीच मृत पड़े थे। परिवार के लोगों का कहना है कि पत्नी और बेटे की मौत के बाद वह गहरे सदमे में थे और एक दिन भी कब्रिस्तान जाना नहीं भूलते थे।

पैर पर मिला कीड़े के काटने जैसा निशान

सुबहान के साले सलीम के अनुसार, उनके पैर पर किसी कीड़े के काटने जैसा निशान दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम की मांग की गई। वहीं, चरखारी थाना प्रभारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि सुबहान लंबे समय से मुंह के कैंसर से पीड़ित थे और उनकी बीमारी गंभीर अवस्था में पहुंच चुकी थी।

तीन मासूम बच्चे हुए बेसहारा

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार शाम को सुबहान को उनकी पत्नी की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। 11 दिनों के भीतर पति-पत्नी और एक बेटे की मौत से पूरा परिवार बिखर गया है। अब उनके तीन मासूम बच्चे माता-पिता के साए के बिना जीवन बिताने को मजबूर हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और हर कोई इस परिवार के प्रति संवेदना जता रहा है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/chhatarpur-chhatarpur-family-man-dies-clinging-wife-sons-graves-11-days-after-their-deaths-10548267.html