हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां अशोक विहार इलाके में एक व्यक्ति पर अपनी ही पत्नी और बेटे को गोली मारकर मौत के घाट उतारने का आरोप है। बताया जा रहा है कि यह दोहरा हत्याकांड पारिवारिक विवाद के चलते हुआ। हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोनों शवों के पास बैठा रोता हुआ पाया गया।
गोली की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां पड़ोसियों ने देखा कि आशा और प्रशांत खून से लथपथ पड़े हुए थे, जबकि आरोपी अनिल उनके शवों के पास ही बैठा हुआ था। शुरुआती जांच में पता चला कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और बीच-बचाव करने पहुंचे बेटे प्रशांत को भी आरोपी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी।
कौन था आरोपी और पीड़ित परिवार
पुलिस ने अनिल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अनिल एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी ऑफिसर के तौर पर काम करता है। इससे पहले वह एक स्कूल में फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर के पद पर रह चुका है। उसकी पत्नी आशा (52) लोटस स्कूल में प्रिंसिपल थीं, जबकि 27 वर्षीय बेटा प्रशांत अपनी मां के स्कूल का प्रबंधन देखता था।
अक्सर होता था विवाद
बताया जा रहा है कि अनिल को अपनी पत्नी पर शक था और इसी वजह से पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इसी कड़ी में शनिवार रात भी अनिल और आशा के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गई।
समझाने आया बेटा भी बना निशाना
दोनों के बीच तेज होती बहस की आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रहा प्रशांत जाग गया। उसने पिता को समझाने की कोशिश की, लेकिन अनिल उससे भी उलझ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पहले आशा और फिर बेटे प्रशांत को गोली मार दी। इसके बाद वह शवों के पास ही बैठ गया, जहां पड़ोसियों ने उसे देखा।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में उसने इतना जघन्य अपराध किया।
https://hindi.news18.com/news/haryana/gurgaon-man-killed-wife-and-son-licensed-pistol-local18-10548292.html