छत्तीसगढ़ की धरती के नीचे एक ऐसा भंडार सामने आया है, जिसे 'कलयुग का खजाना' कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। महासमुंद जिले में पहाड़ों के बीच मिले इस खनिज भंडार को देश के लिए गेम चेंजर माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि ये खनिज इलेक्ट्रिक गाड़ियों और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में बेहद महत्वपूर्ण हैं।
महासमुंद के भालूकोना में देश की पहली ऐसी खदान की पुष्टि हुई है, जहां 'निकल, कॉपर और पैलेडियम' जैसे दुर्लभ खनिज बड़ी मात्रा में मौजूद हैं। शुरुआती जांच में करीब 1.3 किलोमीटर की लंबाई तक इन खनिजों के भंडार होने की पुष्टि हो चुकी है। यह खदान डेक्कन गोल्ड माइंस को आवंटित की गई है।
अब तक क्या-क्या मिला
कंपनी को अब तक करीब 430 मीटर की लंबाई और 200 मीटर से ज्यादा की गहराई तक निकल, कॉपर और पैलेडियम के भंडार मिल चुके हैं। इस इलाके की मिट्टी में पेंटलैंडाइट, चाल्कोपायराइट और पायरोटाइट सल्फाइड पाए गए हैं।
ड्रिलिंग रिपोर्ट क्या कहती है
विशेषज्ञों के मुताबिक ये खनिज इस बात का संकेत देते हैं कि जमीन के नीचे निकल और कॉपर का बहुत बड़ा खजाना छिपा हुआ है। कंपनी अब तक 9 ड्रिल होल कर चुकी है, जिसमें कुल 1500 मीटर की ड्रिलिंग पूरी की जा चुकी है। जांच रिपोर्ट के कुछ अहम बिंदु इस प्रकार हैं:
- 15 मीटर की गहराई पर 0.31% निकल इक्विवेलेंट मिला है।
- 6 मीटर की गहराई पर इसकी मात्रा 0.39% पाई गई है।
- कुछ खास हिस्सों में यह खनिज 1.29% तक भी पाया गया है।
मानसून के बाद तेज होगा काम
रिपोर्ट के अनुसार, डेक्कन गोल्ड माइंस के एमडी डॉ. हनुमा प्रसाद मोदली ने इन नतीजों को बेहद उत्साहजनक बताया है। उन्होंने कहा कि कंपनी जल्द ही माइनिंग लीज के लिए आवेदन करेगी। फिलहाल मानसून के दौरान मिट्टी की जांच और सर्वे का काम जारी रहेगा। बारिश खत्म होते ही ड्रिलिंग का काम दोबारा तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।
क्यों खास हैं ये खनिज
ये दुर्लभ खनिज आधुनिक दुनिया के लिए बेहद जरूरी माने जाते हैं। निकल का उपयोग ईवी बैटरी, स्टेनलेस स्टील और रक्षा उपकरणों में होता है, जबकि कॉपर बिजली के तारों, ट्रांसफार्मर तथा सोलर और विंड प्रोजेक्ट्स में काम आता है। वहीं पैलेडियम का इस्तेमाल ऑटोमोबाइल और हाइड्रोजन तकनीक में किया जाता है।
छत्तीसगढ़ में मिला यह भंडार भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।
https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/mahasamund-india-first-nickel-copper-palladium-mine-rare-minerals-stockpile-poised-game-changer-local18-10548366.html