बाराबंकी: निकाह की रस्म के पांच घंटे बाद ही दूल्हे ने दी तलाक, दुल्हन को छोड़ लौट गई बारात

बाराबंकी में मेहर अदायगी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि निकाह के महज पांच घंटे के भीतर आपसी सहमति से तलाक हो गया और बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से एक चौंका देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दूल्हे ने निकाह के महज पांच घंटे के भीतर ही दुल्हन को तलाक दे दिया और अपनी बारात लेकर बिना दुल्हन के लौट गया।

आखिर हुआ क्या था?

तहसील फतेहपुर क्षेत्र के नगर स्थित नालापार दक्षिणी मोहल्ले में हुआ यह निकाह सिर्फ पांच घंटे में बिखर गया। रस्म पूरी होने के बाद मेहर अदायगी को लेकर जो विवाद शुरू हुआ, वह इतना गहरा गया कि अंत में दोनों पक्षों ने आपसी रजामंदी से रिश्ता खत्म करने का निर्णय ले लिया। इसके बाद दूल्हा अपने बारातियों के साथ दुल्हन को विदा कराए बिना ही वापस चला गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, नालापार दक्षिणी निवासी एक युवती का निकाह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सद्दीपुर पट्टी के रहने वाले जावेद से तय हुआ था। बीते शुक्रवार दोपहर बारात फतेहपुर पहुंची और बारातियों के स्वागत-सत्कार तथा भोजन के बाद निकाह की रस्म अदा कराई गई। लेकिन रस्म के दौरान ही मेहर अदायगी के तौर-तरीकों पर लड़की पक्ष ने एतराज जता दिया, जिससे दोनों ओर से कहासुनी छिड़ गई।

विवाद ने पकड़ा तूल

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बहस के दौरान बारात में आए कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज करने पर माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया। मामला बिगड़ता देख युवती के पिता अपने परिजनों को साथ लेकर नगर चेयरमैन इरशाद अहमद कमर के पास पहुंचे और हस्तक्षेप की गुहार लगाई।

स्थिति संभालने के लिए चेयरमैन इरशाद अहमद कमर ने सद्दीपुर के प्रधान शमशेर को बुलाकर दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। हालांकि लड़की पक्ष का आरोप था कि बाराती शराब के नशे में आए थे और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। देर रात तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा, मगर इसी बीच लड़के पक्ष की कुछ हरकतों से नाराज दुल्हन ने ससुराल जाने से दो टूक इनकार कर दिया।

पांच घंटे में टूटा रिश्ता

दुल्हन की इच्छा को देखते हुए आखिरकार दोनों पक्षों ने निकाह समाप्त करने का फैसला किया। निकाह संपन्न होने के करीब पांच घंटे बाद आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके बाद दूल्हा जावेद और बाराती दुल्हन को साथ लिए बगैर ही लौट गए। इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी रही। चंद घंटों में शादी की खुशियां विवाद और तलाक में तब्दील हो जाने से दोनों परिवारों में मायूसी छाई हुई है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/up-barabanki-after-a-dispute-during-the-wedding-the-groom-divorced-the-bride-within-5-hours-2026-06-07-1223589