सेब खाना ज्यादातर लोगों को भाता है और यह पोषक तत्वों से भरपूर फल भी माना जाता है। लेकिन एक दिक्कत लगभग सभी के सामने आती है, कि सेब काटकर रखते ही कुछ मिनटों में उसका रंग भूरा या काला पड़ने लगता है। यह बहुत आम समस्या है और इससे फल की ताजगी कम लगने लगती है।
आखिर सेब काला क्यों पड़ता है
दरअसल इसकी वजह ऑक्सीडेशन है। जब कटा हुआ सेब हवा के संपर्क में आता है तो उसमें मौजूद एंजाइम ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करने लगते हैं, जिससे उसका रंग बदल जाता है। यह बदलाव सेहत के लिए नुकसानदायक नहीं होता, फिर भी देखने में सेब की ताजगी जरूर घट जाती है। राहत की बात यह है कि कुछ आसान किचन हैक्स अपनाकर इस परेशानी से बचा जा सकता है और सेब को घंटों तक फ्रेश रखा जा सकता है।
नींबू का रस दिखाएगा कमाल
कटे हुए सेब को ताजा रखने का सबसे सरल उपाय नींबू का रस है। नींबू में मौजूद विटामिन C और साइट्रिक एसिड ऑक्सीकरण की रफ्तार को धीमा कर देते हैं। आप सेब के टुकड़ों पर थोड़ा सा नींबू का रस छिड़क सकते हैं या उन्हें नींबू मिले पानी में कुछ मिनट के लिए डुबोकर रख सकते हैं। इससे सेब का रंग देर तक नहीं बदलता और वह ताजा बना रहता है।
नमक के पानी का इस्तेमाल
अगर घर में नींबू मौजूद नहीं है तो नमक वाला पानी भी बढ़िया विकल्प है। एक गिलास पानी में आधा चम्मच नमक मिलाएं और उसमें कटे हुए सेब के टुकड़ों को 3 से 5 मिनट तक रखें, फिर साफ पानी से धो लें। यह तरीका ऑक्सीकरण को कम करता है और सेब को घंटों तक फ्रेश बनाए रखता है। खास बात यह है कि इससे स्वाद पर कोई खास फर्क नहीं पड़ता।
शहद का घोल भी है कारगर
बहुत कम लोगों को पता है कि शहद भी कटे हुए सेब को काला होने से रोक सकता है। एक कप पानी में एक चम्मच शहद घोलें और उसमें सेब के टुकड़ों को कुछ मिनट के लिए डालें। शहद में मौजूद प्राकृतिक तत्व सेब की सतह पर एक पतली परत बना देते हैं, जिससे उस पर ऑक्सीजन का असर घट जाता है। यह उपाय खासकर बच्चों के टिफिन के लिए बहुत उपयोगी रहता है।
एयरटाइट कंटेनर में करें स्टोर
अगर आप सेब को पहले से काटकर रखना चाहते हैं तो उसे खुले में छोड़ने के बजाय एयरटाइट कंटेनर में रखें। इससे हवा का संपर्क कम होगा और सेब जल्दी काला नहीं पड़ेगा। बेहतर नतीजे के लिए कंटेनर को फ्रिज में रखें। ठंडा तापमान ऑक्सीकरण की प्रक्रिया को धीमा कर देता है, जिससे सेब कई घंटों तक ताजा और स्वादिष्ट बना रहता है।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/tips-and-tricks-apple-turns-brown-after-cutting-try-this-simple-kitchen-hacks-to-keep-it-fresh-for-hours-10548223.html