द ग्रेट इंडियन कपिल शो में छाई द वन की स्टार कास्ट
शनिवार के एपिसोड में नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होने वाले द ग्रेट इंडियन कपिल शो में दीपक कुमार मिश्रा की हालिया एक्शन एडवेंचर फिल्म द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट की पूरी टीम पहुंची। शो में मुख्य कलाकार सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया शामिल हुए। बातचीत के दौरान सितारों ने अपनी फिल्म के अनुभव साझा किए और आज के दौर में कॉमेडी के बदलते स्वरूप पर चर्चा की। इस दौरान कलाकारों ने न केवल कपिल शर्मा और उनकी पूरी टीम के काम की प्रशंसा की, बल्कि मनीष पॉल के रोस्टिंग स्टाइल को भी सराहा, जो किसी को ठेस पहुंचाए बिना मनोरंजन करने के लिए जाने जाते हैं।
नए कॉमेडियन्स को देखने का कपिल का अंदाज
शो की चर्चा के दौरान तमन्ना भाटिया ने कपिल शर्मा और मनीष पॉल की तारीफ करते हुए कहा कि आप दोनों जिस तरह से रोस्टिंग करते हैं, वह काफी अलग है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बहुत से लोग रोस्टिंग कर रहे हैं, लेकिन आपकी कला की खासियत यह है कि इसे पूरे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता है। जब तमन्ना ने कपिल से सवाल किया कि क्या नए कलाकार उनसे रोस्टिंग सीख रहे हैं, तो कपिल ने हंसते हुए एक दिलचस्प जवाब दिया। उन्होंने कहा, मैं तो उन नए बच्चों को इसलिए देखता हूं ताकि यह समझ सकूं कि किन शब्दों का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना है, ताकि हम मुश्किल में न पड़ें और सीधे जेल जाने से बच सकें।
साफ-सुथरी कॉमेडी की अहमियत
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी इस चर्चा में अपनी राय रखी और कपिल, उनकी टीम तथा मनीष पॉल के काम को सराहा। सिद्धार्थ ने कहा कि इन लोगों की सबसे बड़ी खूबी यह है कि ये बेहद मर्यादित और साफ-सुथरे शब्दों का प्रयोग करते हैं। उन्होंने आगे कहा कि रोस्टिंग के दौरान भी ये लोग ऐसे शब्दों का चुनाव करते हैं कि सामने वाला व्यक्ति बुरा मानने के बजाय अपनी हंसी नहीं रोक पाता। सिद्धार्थ के अनुसार, इस शो की राइटिंग का सबसे बड़ा प्लस पॉइंट यही है कि इसमें किसी भी तरह की गाली-गलौज का सहारा नहीं लिया जाता है, जो इसे खास बनाता है। यह सुनकर कपिल काफी प्रसन्न नजर आए।
https://www.indiatv.in/entertainment/ott/kapil-sharma-reveals-why-he-watches-new-comedians-says-he-might-end-up-in-jail-over-tamannaah-bhatia-question-2026-10-04-1246894