अरबपति अनिल अग्रवाल 'आप की अदालत' में खोलेंगे अपनी सफलता के राज, आज रात 10 बजे देखें खास शो

वेदांता समूह के अनिल अग्रवाल इंडिया टीवी के मशहूर शो 'आप की अदालत' में अपने जीवन के संघर्ष और सफलता की अनकही कहानियों को साझा करेंगे।

कबाड़ी से अरबपति बनने का सफर

एक मामूली कबाड़ी के काम से शुरुआत करने वाले अनिल अग्रवाल आज दुनिया के अरबपतियों की सूची में शुमार हैं। स्कूल की पढ़ाई बीच में छोड़ने वाले अनिल अग्रवाल ने आखिर कैसे चार लाख करोड़ रुपये की वैल्यू बना ली? ब्रिटेन जाकर उन्होंने वहां के लोगों को किस तरह प्रभावित किया और पैसा कमाने की उनकी क्या विचारधारा है? इन तमाम अनसुलझे सवालों के जवाब उन्होंने 'आप की अदालत' शो में दिए हैं। शो के दौरान अनिल अग्रवाल ने स्पष्ट तौर पर माना कि उन्हें धन से गहरा लगाव है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी जगह और ऐसा माहौल बेहद पसंद है जहां आर्थिक रूप से तरक्की और कमाई के अवसर हों। उन्होंने अपनी व्यापारिक रणनीति का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने कई सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों का अधिग्रहण किया और जिस कंपनी को उन्होंने साढ़े 400 करोड़ रुपये में खरीदा था, उसे बाद में दो लाख करोड़ रुपये की विशाल कंपनी में तब्दील कर दिया।

सफल कारोबारी बनने के टिप्स

इस खास कार्यक्रम में अनिल अग्रवाल ने युवाओं को सफलता पाने और करोड़पति बनने के महत्वपूर्ण मंत्र दिए हैं। उन्होंने न केवल अपने बीते हुए दिनों के संघर्ष की चर्चा की, बल्कि भविष्य की योजनाओं पर भी खुलकर बात की। अनिल अग्रवाल ने बताया कि उनका लक्ष्य भारत में 100 बिलियन का निवेश करने का है। यदि आप भी उनके व्यापारिक आइडियाज और भविष्य के रोडमैप को विस्तार से समझना चाहते हैं, तो 'आप की अदालत' के इस विशेष प्रसारण को देखना न भूलें।

लोकप्रियता के मामले में 'आप की अदालत' के बड़े कीर्तिमान

इंडिया टीवी का प्रतिष्ठित शो 'आप की अदालत' अब तक 200 से अधिक दिग्गज हस्तियों की मेजबानी कर चुका है। इस कार्यक्रम के लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके वीडियो डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 180 करोड़ से अधिक बार देखे जा चुके हैं। अब तक इस शो के 1100 से ज्यादा एपिसोड का प्रसारण हो चुका है, जो इसे यूट्यूब पर दुनिया के सर्वाधिक देखे जाने वाले समाचार कार्यक्रमों में से एक बनाता है। यह वही मंच है जिस पर बॉलीवुड के तीन बड़े सितारे आमिर खान, सलमान खान और शाहरुख खान भी एक साथ शिरकत कर चुके हैं। इस बार अनिल अग्रवाल के साथ होने वाली यह खास चर्चा आज रात 10 बजे प्रसारित की जाएगी।

https://www.indiatv.in/india/national/anil-agarwal-in-aap-ki-adalat-billionaire-industrialist-vedanta-group-chairman-rajat-sharma-show-india-tv-2026-10-03-1246675