ईरान पर सख्त रवैया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए ईरान को लेकर अपनी स्पष्ट नीति दोहराई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा। ट्रंप का कहना है कि यह जिम्मेदारी पहले के राष्ट्रपतियों को बहुत पहले ही उठा लेनी चाहिए थी, लेकिन अब वे इसे प्राथमिकता से देख रहे हैं। उन्होंने ईरान की सैन्य क्षमताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास न तो प्रभावी नौसेना है, न ही आधुनिक वायुसेना, रडार या एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम मौजूद है।
तेल की कीमतों पर बड़ा दावा
ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ईरान से जुड़ा मौजूदा युद्ध बहुत जल्द समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही युद्ध का दौर थमेगा, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें तेजी से गिरने लगेंगी। ट्रंप के अनुसार, मौजूदा वैश्विक हालातों का सीधा असर ऊर्जा बाजार पर पड़ा है, और युद्ध विराम से आम जनता को राहत मिलेगी।
महंगाई और डेमोक्रेट्स पर प्रहार
अपनी सभा के दौरान ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेट्स पर भी तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि डेमोक्रेट्स ने देश में अब तक की सबसे खराब महंगाई पैदा की है। ट्रंप ने तंज कसते हुए कहा कि महंगाई को छिपाने के लिए उन्होंने 'एफोर्डेबिलिटी' जैसे शब्द गढ़े हैं। पूर्व में अपनी सरकार का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि हमने हमेशा कीमतों को नियंत्रण में रखने और उन्हें कम करने की दिशा में ठोस काम किया था।
https://www.indiatv.in/world/us/iran-will-not-allowed-to-develop-nuclear-weapons-oil-prices-will-fall-as-soon-as-war-ends-says-donald-trump-2026-10-03-1246663