ऐपल फैंस के लिए बड़ी खबर: OLED डिस्प्ले वाला MacBook Ultra जल्द दस्तक देगा, रिपोर्ट में दावा

एक नई रिपोर्ट के अनुसार ऐपल जल्द ही अपना पहला OLED डिस्प्ले वाला लैपटॉप MacBook Ultra पेश कर सकता है, जो 14.3-इंच और 16.3-इंच स्क्रीन साइज में आ सकता है।

ऐपल इस साल अपनी मैकबुक सीरीज में एक बड़ा बदलाव करने की तैयारी में दिख रहा है। एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी MacBook Ultra के नाम से एक नया लैपटॉप बाजार में उतार सकती है। अगर ये दावे सच साबित होते हैं, तो यह ऐपल का ऐसा पहला मैकबुक होगा जिसमें OLED डिस्प्ले दिया जाएगा।

रिसर्च फर्म Omdia की रिपोर्ट बताती है कि सैमसंग डिस्प्ले जुलाई 2026 से ऐपल के इस नए मैकबुक के लिए OLED पैनल की आपूर्ति शुरू कर सकती है। इसी आधार पर अनुमान है कि यह लैपटॉप साल की तीसरी तिमाही, यानी सितंबर के आसपास, पेश किया जा सकता है।

अब तक मैकबुक में रही है Mini-LED तकनीक

ऐपल अब तक अपने मैकबुक प्रो मॉडलों में Mini-LED डिस्प्ले देता आया है। वहीं OLED स्क्रीन का इस्तेमाल अब तक केवल iPhone, ऐपल वॉच और आईपैड प्रो जैसे उत्पादों तक ही सीमित रहा है। नई रिपोर्ट के अनुसार, MacBook Ultra OLED तकनीक के साथ आने वाला ऐपल का पहला लैपटॉप बन सकता है। OLED स्क्रीन अपने बेहतर रंग, गहरे ब्लैक लेवल और शानदार पावर एफिशिएंसी के लिए जानी जाती है।

दो स्क्रीन साइज में आ सकता है नया मैकबुक

लीक रिपोर्ट के मुताबिक MacBook Ultra को 14.3-इंच और 16.3-इंच डिस्प्ले साइज में उतारा जा सकता है। मौजूदा समय में मैकबुक प्रो 14.2-इंच और 16.2-इंच स्क्रीन के साथ आता है। ऐसे में नए मॉडल का आकार पहले से मौजूद मॉडलों से बहुत अधिक भिन्न नहीं होगा।

OLED डिस्प्ले से क्या मिलेगा फायदा?

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि ऐपल हाइब्रिड OLED पैनल का उपयोग कर सकता है, जो Oxide TFT और RGB Tandem OLED तकनीक पर आधारित होगा। ऐसा डिस्प्ले पारंपरिक OLED पैनल की तुलना में कम बिजली खर्च करता है।

इसका सीधा असर मैकबुक की बैटरी लाइफ पर पड़ेगा और साथ ही डिवाइस को पहले से अधिक पतला बनाने में भी मदद मिलेगी। इसके अलावा अंदर अतिरिक्त जगह बचने से ऐपल बैटरी और कूलिंग सिस्टम को भी और बेहतर बना सकता है।

सितंबर में संभावित लॉन्च

रिपोर्ट के अनुसार सैमसंग जुलाई से OLED पैनल की सप्लाई शुरू कर सकती है। ऐसे में ऐपल सितंबर, अक्टूबर या नवंबर में होने वाले अपने बड़े हार्डवेयर इवेंट के दौरान MacBook Ultra को पेश कर सकता है।

हालांकि कंपनी की ओर से अब तक इस डिवाइस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। यही वजह है कि लॉन्च से पहले सामने आई इन सभी जानकारियों को फिलहाल लीक और रिपोर्ट के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-apple-macbook-ultra-oled-display-launch-expected-in-september-2026-10547403.html