समृद्धि महामार्ग पर मातम का मंजर
महाराष्ट्र में आज सुबह सड़क सुरक्षा को लेकर एक दुखद खबर सामने आई है, जहां समृद्धि महामार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि एक पिकअप वैन में सवार होकर कुछ श्रद्धालु शेगांव से मां दुर्गा की मूर्ति लेकर वर्धा जिले की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी वैन को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और 5 यात्रियों ने दम तोड़ दिया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
इस भीषण दुर्घटना में कुल 21 लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची धामणगांव रेलवे पुलिस ने स्थानीय निवासियों और वहां मौजूद पत्रकारों की सहायता से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए आनन-फानन में धामणगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि 4 से 5 घायलों की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। वहीं, 14 से 15 लोग ऐसे हैं जिन्हें मामूली चोटें आई हैं और उन्हें खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस प्रशासन जांच में जुटा
हादसे की खबर सुनते ही अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल हुए लोगों का हालचाल जाना और स्थिति की समीक्षा की। पुलिस ने अब इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह दुर्घटना किस तरह और किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों द्वारा मृतकों और घायलों के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्र की जा रही है। समृद्धि महामार्ग पर आए दिन हो रहे हादसों ने एक बार फिर वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब इस दिशा में कड़ी कार्रवाई और जांच के संकेत दे रहा है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।
https://www.indiatv.in/maharashtra/horrific-accident-on-maharashtra-samruddhi-highway-5-dead-and-21-injured-watch-video-2026-10-02-1246510