33 साल के युद्धवीर अहलावत ने 'कर्तव्य' सीरीज में निभाया 13 साल के किशोर का किरदार, IMDB रेटिंग में आया उछाल

नेटफ्लिक्स की सीरीज 'कर्तव्य' में एक टीनएज लड़के के रोल से सुर्खियां बटोरने वाले अभिनेता युद्धवीर अहलावत असल जिंदगी में 33 साल के हैं। उनके इस किरदार ने उन्हें खासी लोकप्रियता दिलाई और आईएमडीबी पर उन्हें भरपूर रेटिंग मिली।

हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई सैफ अली खान अभिनीत सीरीज 'कर्तव्य' अपनी कहानी से ज्यादा अपनी अदाकारी की वजह से चर्चा में रही। इसी सीरीज में एक किरदार ऐसा भी था जिसने दर्शकों का ध्यान खींचा, और वह निभाया युद्धवीर अहलावत ने। सीरीज में उन्हें एक किशोर लड़के की भूमिका दी गई थी, जिसे उन्होंने इतने सहज और दमदार अंदाज में पर्दे पर उतारा कि हर तरफ उनकी तारीफ होने लगी। हैरानी की बात तब हुई जब दर्शकों को पता चला कि असल जिंदगी में युद्धवीर 33 साल के हैं। इस किरदार ने न सिर्फ उन्हें खूब लोकप्रियता दिलाई, बल्कि आईएमडीबी पर भी उन्हें लोगों ने भरपूर रेटिंग दी।

महज चार प्रोजेक्ट्स में छोड़ी छाप

युद्धवीर अहलावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2019 में फिल्म 'सांड की आंख' से की थी। तापसी पन्नू, भूमि पेडनेकर और प्रकाश झा इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में थे, जिसका निर्देशन तुषार हीरानंदानी ने किया था। इसके बाद साल 2022 में आई फिल्म 'लव हॉस्टल' में भी उन्होंने अपनी अदाकारी का असर छोड़ा। टीवी सीरीज 'कोएड' में भी वे काम कर चुके हैं। हाल में नेटफ्लिक्स पर आई सीरीज 'कर्तव्य' में निभाए उनके दमदार किरदार ने क्लाइमेक्स में अहम योगदान दिया और उनकी एक्टिंग की चौतरफा सराहना हुई।

आईएमडीबी पर मिली शानदार रेटिंग

अपने भोले-भाले चेहरे और भाइयों की तुलना में कम कद के कारण उन्हें अक्सर पर्दे पर कम उम्र के किरदार ही मिलते रहे हैं। यही खूबी 'कर्तव्य' में हरपाल के किरदार के लिए उनके चयन की वजह बनी। युद्धवीर अहलावत हरियाणा के झज्जर जिले के शेरिया गांव से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता ज्ञान सिंह अहलावत सीमा सुरक्षा बल में कार्यरत थे और अभिनेता एक अनुशासित परिवार में पले-बढ़े। खबरों के मुताबिक, अपने लंबे-तगड़े बड़े भाइयों से वे दिखने में काफी अलग थे।

छोटे किरदार के बावजूद युद्धवीर को सोशल मीडिया पर खूब पहचान मिली है और इस समय उनके पास कई प्रोजेक्ट्स की लंबी फेहरिस्त है, जो आने वाले दिनों में रिलीज के लिए तैयार हैं। अपने इन प्रोजेक्ट्स की झलक वे समय-समय पर सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/kartavya-series-child-actor-yudhvir-ahlawat-is-33-in-real-life-how-fans-recognize-his-talent-here-is-full-details-2026-06-07-1223525