लगातार दो IPL ट्रॉफी और रनों की बरसात के बावजूद रजत पाटीदार टीम इंडिया से बाहर, चयनकर्ता ने गिनाई वजह

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन हो गया है, जिसमें लगातार दो बार RCB को खिताब दिलाने वाले रजत पाटीदार को जगह नहीं मिली। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस फैसले के पीछे की वजह बताई।

आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है और इस बार चयन में कई अहम बदलाव देखने को मिले हैं। आईपीएल 2026 में दमदार खेल दिखाने वाले वैभव सूर्यवंशी को पहली दफा राष्ट्रीय टीम में मौका मिला है, जबकि श्रेयस अय्यर को टीम इंडिया का नया टी20 कप्तान बनाया गया है। हालांकि टीम घोषित होते ही सबसे ज्यादा चर्चा रजत पाटीदार के नाम पर हो रही है। यही वह कप्तान हैं जिनकी अगुवाई में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपना खिताबी इंतजार खत्म किया और लगातार दो बार चैंपियन बनी, फिर भी उन्हें भारतीय टीम में जगह नहीं दी गई।

पाटीदार के चयन पर अजीत अगरकर का बयान

टीम की घोषणा के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से रजत पाटीदार को लेकर सवाल किया गया। जवाब में उन्होंने साफ कहा कि टीम में सिर्फ 15 खिलाड़ी ही जा सकते हैं। अगरकर ने बताया कि कई खिलाड़ियों के नामों पर विचार-विमर्श हुआ और चयन समिति को लगा कि ये 15 खिलाड़ी टीम में जगह पाने के हकदार हैं। उन्होंने कहा कि देश में कई बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और कई ऐसे हैं जो टीम में शामिल हो सकते हैं, लेकिन इस वक्त जो खिलाड़ी टीम का हिस्सा हैं, वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। अगरकर ने यह भी जोड़ा कि उन्हें भरोसा है कि अच्छी टीम चुनी गई है और हर बार ऐसा होता है कि कोई न कोई खिलाड़ी बाहर रह जाता है, पर चुनी गई टीम से वे संतुष्ट हैं।

आईपीएल 2026 में 500 के पार पहुंचा बल्ला

रजत पाटीदार कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी लगातार बेहतरीन फॉर्म में रहे हैं। आईपीएल 2026 में वह विराट कोहली के बाद RCB के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे। इस सीजन उन्होंने 16 मैचों में 501 रन बनाए और इस दौरान 5 अर्धशतक जड़े। ये तमाम रन उन्होंने 41.75 के औसत और 192.69 की स्ट्राइक रेट से जुटाए। गौरतलब है कि पाटीदार मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज हैं और इस क्रम में टीम इंडिया के पास पहले से ही श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में उन्हें अपने मौके के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।

लगातार दूसरी बार खिताब जीती RCB

रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB लगातार दो साल तक चैंपियन बनने में सफल रही है। आईपीएल 2025 में टीम ने पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की थी, जबकि इस साल फाइनल में गुजरात टाइटंस को मात देकर खिताब पर कब्जा जमाया।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/why-rajat-patidar-not-got-selected-for-team-india-chief-selector-ajit-agarkar-revealed-the-reason-behind-this-2026-06-07-1223572