मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर दिया है। यहां 16 वर्षीय एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित रूप से बंदूक की नोक पर दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। जब किशोरी ने इसका डटकर विरोध किया तो आरोपी ने आक्रोश में आकर उसके सिर में गोली दाग दी। इस हमले में किशोरी की हालत गंभीर हो गई और उसका इलाज इस समय दमोह जिला अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन करते हुए किशोरी के सिर से गोली का हिस्सा निकाल लिया है।
रात में छत पर अकेली सो रही थी पीड़िता
यह घटना पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग रात के समय अपने घर की छत पर सो रही थी, जबकि उसका दिव्यांग छोटा भाई और बुजुर्ग दादी नीचे के कमरे में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4:00 बजे पीड़िता का एक रिश्तेदार युवक चुपके से छत पर जा पहुंचा। उसने किशोरी पर कट्टा तान दिया और डरा-धमकाकर उस पर गलत हरकत करने का दबाव बनाने लगा।
किशोरी ने दिखाई हिम्मत, मचाया शोर
हथियार सामने होने के बावजूद किशोरी जरा भी नहीं घबराई। उसने साहस के साथ आरोपी का कड़ा विरोध किया और मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाने लगी। किशोरी के इस प्रतिरोध से आरोपी पूरी तरह बौखला उठा। पकड़े जाने के भय और गुस्से में उसने सीधे किशोरी के सिर पर गोली चला दी और मौके से भाग निकला।
अस्पताल में हुआ सफल ऑपरेशन
गोली लगते ही किशोरी खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। गंभीर स्थिति में उसे तत्काल सिमरिया स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दमोह जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन किया और किशोरी के सिर से गोली का हिस्सा निकालने में सफलता हासिल की।
होश में आई पीड़िता, बताया आरोपी का नाम
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अब होश में आ गई है और बयान देने की स्थिति में है। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसने अपने उसी रिश्तेदार युवक का नाम लिया है। फिलहाल सिमरिया थाना और मोहन्द्रा चौकी पुलिस संयुक्त रूप से इस मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के आधिकारिक बयान और अन्य सबूतों के आधार पर जल्द ही मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/panna-attempt-to-rape-minor-girl-sleeping-on-terrace-shot-in-head-when-she-resisted-2026-06-07-1223580