सेमरिया बाजार में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन, अवैध मेडिकल स्टोर सील और झोलाछाप क्लिनिक बंद

सीधी के सेमरिया बाजार में राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक्सपायरी व नशीली दवाएं जब्त कीं और बिना अनुमति इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर की क्लिनिक बंद करा दी।

सीधी जिले के सेमरिया बाजार में प्रशासन ने अवैध रूप से चल रहे मेडिकल स्टोर और झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बाजार में स्थित श्री राम मेडिकल स्टोर सहित एक झोलाछाप डॉक्टर की क्लिनिक पर दबिश दी।

जांच के दौरान मेडिकल स्टोर में अमानक, एक्सपायरी और नशीली दवाओं का भंडार पाया गया। इसके बाद तत्काल प्रभाव से मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। वहीं, बिना वैध अनुमति और जरूरी दस्तावेजों के मरीजों का इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर की क्लिनिक को भी प्रशासन ने बंद करा दिया।

छापेमारी के बाद क्षेत्र में हड़कंप

इस संयुक्त कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई मेडिकल स्टोर संचालक और झोलाछाप डॉक्टर अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से गायब हो गए। उल्लेखनीय है कि सेमरिया बाजार में लंबे समय से कई मेडिकल स्टोर और झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध तरीके से चिकित्सा सेवाएं देने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।

प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के रखरखाव में गंभीर गड़बड़ी

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बड़ी मात्रा में ऐसी दवाएं बरामद कीं, जिनकी अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके साथ ही कुछ प्रतिबंधित और नशीली दवाओं के रखरखाव में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

प्रशासनिक टीम ने संबंधित दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/sidhi-raid-on-illegal-medical-stores-and-quack-doctors-in-semaria-bazaar-local18-ws-l-10548019.html