हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में बड़ा हादसा, कबड्डी मैच के दौरान स्कूल का छज्जा गिरा, 23 लोग हुए घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में कबड्डी मैच देखने के दौरान स्कूल की छत का छज्जा अचानक टूट गया, जिससे करीब 150 लोग नीचे गिर गए और 23 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

कांगड़ा में कबड्डी मैच के दौरान मची अफरा तफरी

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कबड्डी प्रतियोगिता का आनंद ले रहे लोगों पर अचानक मुसीबत टूट पड़ी। रविवार की शाम जमानाबाद इलाके में स्थित एक स्कूल का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। इस घटना में करीब 150 लोग नीचे गिर गए, जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में कुल 23 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मैच का लुत्फ उठाने के लिए छत पर चढ़े थे दर्शक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब्दुल्लापुर पंचायत द्वारा कबड्डी लीग का आयोजन किया गया था, जो अब्दुल्लापुर स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में चल रहा था। यह प्रतियोगिता 27 सितंबर से शुरू हुई थी। रविवार को मैच देखने के लिए काफी संख्या में भीड़ जुटी थी। भीड़ इतनी अधिक थी कि कई दर्शक बेहतर तरीके से मुकाबला देखने के लिए स्कूल भवन की छत पर जाकर बैठ गए। अचानक वजन अधिक होने या जर्जर स्थिति के कारण स्कूल का छज्जा टूट गया और वहां बैठे लोग नीचे गिर गए।

घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर अल्पना ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि घायलों में से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इनमें से एक को पीठ में गहरी चोट लगी है और दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। इन दोनों मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

इन लोगों के घायल होने की खबर

हादसे में घायल हुए अधिकांश लोग अब्दुल्लापुर और जमानाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनमें हर्ष, दक्ष, अमन, सुजल, मोहित, सुजल, आर्यन, अमीश, निक्षांत, आयुष, शुभम, अर्पित, ध्रुव, सूर्यांश, अकर्ष, सुशांत, अभिषेक, अजय कुमार, लक्ष्य, विजय कुमार, प्रेम चंद और कृष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष नीशु मोंगरा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

लीग के आगामी मैच रद

इस दुखद घटना के बाद आयोजकों ने कबड्डी लीग के शेष सभी मैच तुरंत प्रभाव से रद कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्कूल भवन में यह आयोजन किया गया था, वह पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा था और उसे दूसरे स्कूल के साथ मर्ज कर दिया गया था। फिलहाल, प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/dharamsala-school-balcony-collapses-during-kabaddi-league-in-kangra-23-injured-ws-l-10869189.html