बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन एक बार फिर सनातन संस्कृति और धार्मिक चेतना से जुड़े एक ऐतिहासिक आयोजन की गवाह बनी। राष्ट्रीय महाकाल सेना के स्थापना दिवस के मौके पर सजी भव्य भजन संध्या में लंबे समय से प्रतीक्षित धार्मिक ज्ञान आधारित शो ‘कौन बनेगा ज्ञानरत्न’ के टीज़र को बड़े समारोह के साथ जारी किया गया। इस अवसर पर धर्म, संस्कृति और भारतीय परंपराओं को सहेजने का संदेश भी दिया गया।
केबीसी की तर्ज पर शुरू हो रहा नया शो
आपने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ देखा होगा, जिसमें प्रतिभागी देश-दुनिया से जुड़े तरह-तरह के सवालों के जवाब देते नजर आते हैं। अब इसी अंदाज में धर्म और संस्कृति को जोड़ने तथा उससे जुड़े ज्ञान को आगे बढ़ाने के मकसद से ‘कौन बनेगा ज्ञानरत्न’ की शुरुआत होने जा रही है। इस शो में प्रतिभागियों को 15 सवालों के जवाब देने होंगे और सही उत्तर देकर 11 लाख रुपए जीतने का मौका मिलेगा।
उज्जैन में आयोजित इस खास कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं और साधु-संतों की मौजूदगी के बीच ‘कौन बनेगा ज्ञानरत्न’ के टीज़र से पर्दा उठाया गया।
निर्माताओं ने बताया उद्देश्य
शो के निर्माता श्रिपाल रेड्डू और पवन घल्याण (मामा) ने बताया कि यह मंच महज एक क्विज प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि रामायण के ज्ञान, भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य
कार्यक्रम में मौजूद धर्म प्रेमियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए ऐसे नए प्रयास बेहद जरूरी हैं।
शो के जरिए रामायण के प्रसंगों, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन मूल्यों और सनातन परंपराओं को आम लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।
https://hindi.news18.com/news/entertainment/web-series-kaun-banega-gyanratna-chance-to-win-rs-11-lakh-connecting-sanatan-religion-and-culture-local18-10547826.html