रामायण की भव्यता और नए पोस्टर्स की झलक
निर्देशन नितेश तिवारी की फिल्म रामायण आगामी वर्ष 2026 की सबसे बड़ी और महंगी सिनेमैटिक प्रस्तुतियों में शुमार है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच भारी उत्सुकता है। यह बिग बजट फिल्म दो भागों में दर्शकों के सामने आएगी। नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले तैयार हो रही इस फिल्म के लिए मुंबई में एक विशेष कार्यक्रम रखा गया, जिसमें चुनिंदा मीडिया प्रतिनिधियों और प्रेस के लोगों को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम के दौरान फिल्म के दो नए पोस्टर जारी किए गए हैं, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए हैं। एक पोस्टर में रणबीर कपूर प्रभु श्री राम के रूप में, साई पल्लवी माता सीता के किरदार में और रवि दुबे लक्ष्मण के अवतार में दिखाई दे रहे हैं। वहीं दूसरे पोस्टर में यश रावण के रूप में अपनी धाक जमाते नजर आ रहे हैं।
प्रभु श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण का सादगी भरा लुक
निर्माताओं द्वारा जारी किए गए पहले पोस्टर में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे वनवास के काल में दिखाई दे रहे हैं। इन तीनों कलाकारों ने पारंपरिक केसरिया वस्त्र धारण किए हुए हैं। रणबीर कपूर धनुष थामे हुए अत्यंत शांत और सौम्य भाव में दिख रहे हैं, वहीं माता सीता की भूमिका में साई पल्लवी की शालीनता देखते ही बनती है। लक्ष्मण के रूप में रवि दुबे का लुक भी काफी प्रभावी है। इन पोस्टर्स को जारी करते हुए निर्माताओं ने कैप्शन में धर्म के पथ पर हमेशा साथ चलने की बात कही है, जो फिल्म के मूल भाव को दर्शाता है।
रावण के रूप में यश का जबरदस्त प्रभाव
दूसरे पोस्टर में यश का रावण के रूप में जो रूप सामने आया है, उसने फिल्म को लेकर रोमांच दोगुना कर दिया है। यश इस पोस्टर में अत्यंत भव्य और प्रभावशाली नजर आ रहे हैं। उन्होंने रावण के अनुरूप जो आभूषण और वस्त्र धारण किए हैं, वे उनके तेवर को और अधिक धार देते हैं। यश की यह उपस्थिति दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रही है। पोस्टर के साथ कैप्शन में 'तीनों लोकों का स्वामी, रावण' लिखा गया है। फैंस ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि रावण की भूमिका के लिए यश से बेहतर विकल्प कोई हो ही नहीं सकता था।
इवेंट में मिस्टर बीस्ट की खास उपस्थिति
नितेश तिवारी की इस महत्वाकांक्षी फिल्म की चर्चा केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों में भी इसका क्रेज साफ दिखाई दे रहा है। मुंबई में आयोजित कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता दुनिया के सबसे बड़े यूट्यूबर मिस्टर बीस्ट की उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यक्रम में न केवल भाग लिया, बल्कि रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे समेत फिल्म की पूरी टीम के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।
रिलीज की तारीख और विशाल स्टारकास्ट
फिल्म रामायण: पार्ट 1 के प्रदर्शन को लेकर भी बड़ी जानकारी सामने आई है। यह फिल्म विदेशों में 6 नवंबर को रिलीज की जाएगी, जबकि भारत में यह दिवाली के शुभ अवसर पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म की स्टारकास्ट बेहद विशाल है। इसमें रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अलावा सनी देओल हनुमान की भूमिका में, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रूप में, अरुण गोविल राजा दशरथ के रूप में, लारा दत्ता कैकेयी के रूप में, कुणाल कपूर इंद्र के रूप में, काजल अग्रवाल मंदोदरी के रूप में, शीबा चड्ढा मंथरा के रूप में, आदिनाथ कोठारे भरत के रूप में और विवेक ओबेरॉय विद्युज्जिह्व के रोल में नजर आने वाले हैं।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/ramayana-makers-double-surprise-makers-releases-two-new-posters-fans-impresses-fans-with-ravana-look-2026-09-26-1245563