कन्याकुमारी की यूट्यूबर को सोशल मीडिया पर दौलत दिखाना पड़ा भारी, घर में हुई 1 करोड़ की चोरी

कन्याकुमारी की एक लोकप्रिय यूट्यूबर मधुमिता के घर से चोर 900 ग्राम सोना और नकदी लेकर फरार हो गए। मधुमिता अक्सर अपने वीडियो में अपनी धन-दौलत और सोने की खरीदारी का प्रदर्शन करती थीं, जो अब उनके लिए मुसीबत का सबब बन गया है।

सोशल मीडिया पर दिखावा पड़ा महंगा

तमिलनाडु के कन्याकुमारी की रहने वाली मशहूर यूट्यूबर मधुमिता के साथ हाल ही में एक बड़ी चोरी की घटना घटी है। मधुमिता सोशल मीडिया पर अपनी विलासितापूर्ण जीवनशैली और बेहिसाब दौलत के प्रदर्शन के लिए जानी जाती थीं। पुलिस की जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने उनके घर से करीब 900 ग्राम सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी हुए इन गहनों और कैश की कुल कीमत बाजार में लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है। सोशल मीडिया पर बार-बार अपनी संपत्ति और सोने की खरीदारी के वीडियो डालना अब मधुमिता के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।

शॉपिंग के दौरान घर को बनाया निशाना

मधुमिता अपने पति विनोदकुमार और बच्चे के साथ कन्याकुमारी जिले के नागरकोइल के पास थम्माथु कोनम इलाके में वीआईपी गार्डन में रहती हैं। वारदात के दिन मधुमिता अपने परिवार के साथ घर से बाहर शॉपिंग के लिए निकली हुई थीं। जब वे लोग देर रात को घर लौटे तो उन्हें घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला। घबराहट में जब उन्होंने घर के अंदर बने सीक्रेट लॉकर की तलाशी ली, तो वहां रखा लगभग 118 तोला सोना और नकदी गायब थी। उन्होंने तत्काल राजक्कमंगलम पुलिस स्टेशन में जाकर इस घटना की शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

दिखावे की वजह से अपराधियों की नजर में आईं

यह चोरी कोई संयोग नहीं मानी जा रही है। दरअसल, मधुमिता ने हाल ही में अपने यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ ऐसे वीडियो साझा किए थे, जिनमें वे अपने पूजा घर में रखे भारी मात्रा में सोने के आभूषण और पैसों की गड्डियों का प्रदर्शन कर रही थीं। सोशल मीडिया पर अपनी संपत्ति के इस खुले प्रदर्शन के कुछ ही दिनों बाद उनके घर में यह सेंधमारी हुई है, जो सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है।

पुलिस की विशेष टीम गठित

जिला पुलिस अधीक्षक अनसुर नागर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरों को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। अपराध स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मोबाइल टावर के डेटा का भी बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों तक पहुंच जाएंगे।

https://www.indiatv.in/india/national/jewellery-and-cash-worth-rs-1-crore-stolen-from-the-youtuber-home-after-flaunt-gold-in-reels-2026-09-25-1245380