फ्लाइट QR534 से पहुंचा तस्कर
अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय हड़कंप मच गया जब कतर एयरवेज की फ्लाइट QR534 यहां उतरी। विमान के उतरते ही राजस्व खुफिया निदेशालय यानी DRI के अधिकारियों की नजर एक यात्री पर टिकी थी, जो युगांडा का नागरिक था। खुफिया तंत्र से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने उसे एयरपोर्ट के भीतर ही रोक लिया। शुरुआती दौर में उससे सामान्य पूछताछ की गई, जिसके दौरान उसने किसी भी तरह की अवैध वस्तु या नशीले पदार्थ ले जाने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, अधिकारियों का संदेह गहरा था और उन्होंने उसके पूरे सामान की गहन तलाशी लेने का निर्णय लिया।
कोना-कोना छानने के बाद भी नहीं मिला कुछ
अधिकारियों ने पहले तो यात्री के ट्रॉली बैग को बाहर से अच्छी तरह चेक किया। बैग का हर कोना खंगाला गया, लेकिन पहली नजर में कुछ भी संदिग्ध नहीं दिखा। आरोपी यात्री पूरी तरह सामान्य दिखने की कोशिश कर रहा था, जिससे अधिकारियों का शक और अधिक बढ़ गया। उन्होंने हार नहीं मानी और बैग की बारीकी से जांच शुरू की। बैग की संरचना और उसके वजन में आ रहे मामूली अंतर ने अधिकारियों का माथा ठनका दिया।
हैंडल में मिला सीक्रेट लॉकर
जांच के दौरान टीम को ट्रॉली बैग के टेलीस्कोपिक हैंडल और उसके प्लास्टिक सपोर्ट वाले हिस्सों में कुछ बदलाव महसूस हुए। जब अधिकारियों ने इन हिस्सों को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। वहां एक 'सीक्रेट लॉकर' बनाया गया था। तस्कर ने सफेद पाउडर को पॉलिथीन में पैक किया और बैग की बनावट के अंदर इस तरह छिपाया था कि बाहर से उसे देख पाना नामुमकिन था। बैग का हैंडल पूरी तरह से एक गुप्त तहखाने की तरह काम कर रहा था।
981 ग्राम कोकीन बरामद
सघन तलाशी और बैग को खोलने के बाद अधिकारियों को वहां से 981 ग्राम सफेद पाउडर मिला। शुरुआती जांच में पुष्टि हुई कि यह मादक पदार्थ कोकीन है। अधिकारियों ने तुरंत इस नशीले पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया। NDPS Act, 1985 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी युगांडा के नागरिक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की तलाश
अब DRI की जांच का दायरा केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। जांच एजेंसियां इस बात की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन कहां से लाई गई थी और इसका अंतिम गंतव्य कौन था। क्या यह खेप गुजरात में किसी स्थानीय तस्कर को दी जानी थी, या इसे आगे किसी अन्य राज्य में भेजा जाना था, इसकी भी गहन पड़ताल चल रही है। अधिकारियों को शक है कि इस तस्करी के पीछे एक बहुत बड़ा अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क हो सकता है, जिसमें भारत के अलावा विदेशी नागरिक भी शामिल हो सकते हैं। आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर काम चल रहा है।
https://hindi.news18.com/news/nation/ahmedabad-flight-qr534-trolley-bag-handle-secret-locker-cocaine-seized-local18-10864199.html