नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को 'Youth for Viksit Bharat: MY Bharat Youth Convention' का आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मौजूद रहे। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे 6,000 से अधिक युवाओं ने भागीदारी की। इनमें छात्र, युवा प्रोफेशनल्स, महिलाएं, उद्यमी, कंटेंट क्रिएटर्स के साथ-साथ कई क्षेत्रों की उभरती हुई प्रतिभाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत का युवा बेहद परिश्रमी, साहसी और रचनात्मक सोच रखने वाला है। उन्होंने कहा कि खेल से लेकर कारोबार और कला तक हर क्षेत्र में युवा देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने युवाओं से अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ते रहने की अपील की।
'युवाओं का जोश ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत'
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यहां हजारों की तादाद में मौजूद युवाओं का उत्साह ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सम्मानित हुई सभी युवा प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को जो अवसर और मंच उपलब्ध कराए हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा, मेहनत और इनोवेशन के दम पर नई उपलब्धियों में बदलना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सफलता ही विकसित भारत की सफलता है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। उन्होंने बताया कि देश की करीब 65% जनसंख्या 35 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा, "युवा हमारी ताकत, हमारा गौरव और हमारा भविष्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप, खेल, पब्लिक सर्विस और बिजनेस जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए शानदार अवसर तैयार हुए हैं। साल 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का सपना युवाओं के बूते ही साकार होगा।"
कई नामी हस्तियों ने की शिरकत
विक्रांत मैसी (अभिनेता): उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था किस तेजी से आगे बढ़ रही है।
अमन गुप्ता (BoAt के को-फाउंडर): उन्होंने भारत को दुनिया की 'स्टार्टअप कैपिटल' बनाने की दिशा में सरकारी प्रयासों और कारोबार के अवसरों पर अपनी बात रखी।
जितेश शर्मा (भारतीय क्रिकेटर): उन्होंने "प्ले इन इंडिया, प्ले फॉर इंडिया" थीम पर अपने अनुभव साझा किए और युवा खिलाड़ियों को देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उभरते खिलाड़ियों को मिला सम्मान
सम्मेलन के दौरान खेल के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले देश के उभरते खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। युवा मामलों की सचिव पल्लवी जैन गोविल ने इस मौके पर युवाओं को देश के विकास में लगातार योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन 'विकसित भारत संकल्प' के साथ हुआ, जिसमें सभी युवाओं ने मिलकर साल 2047 तक भारत को समृद्ध, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने की शपथ ली।
https://www.indiatv.in/delhi/cm-rekha-gupta-my-bharat-youth-convention-program-said-your-success-is-success-of-developed-india-2026-06-07-1223531