बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए अपनाएं ये आसान पेरेंटिंग टिप्स, झिझक होगी दूर

अगर आपका बच्चा किसी से बात करने में डरता है या अपनी बात कहने में झिझकता है, तो ये पेरेंटिंग तरीके उसके व्यक्तित्व में बदलाव लाने में मदद कर सकते हैं।

क्या आपका बच्चा भी घबराता है?

हर माता-पिता का यह सपना होता है कि उनका बच्चा दुनिया के सामने पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ खड़ा हो। वे चाहते हैं कि बच्चा बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सके। लेकिन कई बार देखा जाता है कि बच्चे स्वभाव से काफी झिझकने वाले होते हैं। वे न केवल अनजान लोगों से बल्कि दोस्तों और शिक्षकों के सामने भी अपनी बात रखने से डरते हैं और नजरें मिलाने से कतराते हैं। ऐसी स्थिति देखकर माता-पिता का भविष्य को लेकर चिंतित होना स्वाभाविक है। हालांकि घबराने की कोई बात नहीं है। सही पेरेंटिंग के तरीकों को अपनाकर आप अपने बच्चे के अंदर छिपे डर को खत्म कर सकते हैं और उसके आत्मसम्मान को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं।

बच्चे के आत्मविश्वास को मजबूत करने के उपाय

अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा निडर बने और अपनी भावनाओं को खुलकर व्यक्त करे, तो आपको अपनी दिनचर्या और व्यवहार में कुछ बदलाव करने होंगे। यहाँ कुछ खास टिप्स दिए गए हैं:

  • नियमित रूप से संवाद करें: बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे बेहतरीन तरीका है उससे खूब सारी बातें करना। आप अपने बच्चे के साथ रोज समय बिताएं और उससे उसके स्कूल, दोस्तों और उसकी पसंद-नापसंद के बारे में विस्तार से चर्चा करें। जब आप उससे बात करें, तो उसे भी अपनी राय रखने का पूरा मौका दें। उसकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनें और उसके विचारों को महत्व दें। जब बच्चे को लगता है कि उसकी बात सुनी जा रही है, तो उसका आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है।
  • मेहनत की तारीफ करना सीखें: अक्सर अभिभावक केवल बच्चे की जीत या शानदार रिजल्ट पर ही खुश होते हैं, लेकिन आपको इससे आगे सोचने की जरूरत है। बच्चे के सफल होने के साथ-साथ उसकी कोशिशों और मेहनत की सराहना करना बहुत जरूरी है। जब आप परिणाम की बजाय उसके प्रयासों को सराहाते हैं, तो बच्चे के मन में खुद पर भरोसा जागता है।
  • गलतियों को सीखने का माध्यम बनाएं: बच्चे से गलती होना स्वाभाविक है, लेकिन ऐसी स्थिति में उस पर चिल्लाने या उसे डांटने के बजाय धैर्य रखें। उसे प्यार से समझाएं कि गलती करना सीखने की प्रक्रिया का एक अभिन्न हिस्सा है। हर गलती उसे कुछ नया सिखाती है, इसलिए उसे सुधारने का अवसर दें और उसे दोबारा प्रयास करने के लिए प्रेरित करें।
  • भावनाओं का सम्मान करें: अगर बच्चा कभी दुखी, डरा हुआ या गुस्से में हो, तो उसकी इन भावनाओं को नजरअंदाज कभी न करें। उसे यह महसूस कराएं कि ये भावनाएं सामान्य हैं और वह आपके साथ बिना डरे इन्हें साझा कर सकता है। जब बच्चे को भावनात्मक सुरक्षा महसूस होती है, तो उसका मानसिक विकास तेजी से होता है और उसका आत्मविश्वास भी मजबूत बनता है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/does-your-child-hesitate-or-is-afraid-to-speak-up-boost-their-confidence-with-these-parenting-tips-2026-09-23-1245007