घर पर बनाएं क्रिस्पी लौकी लच्छा पराठा, शेफ भरत वाधवा ने शेयर की खास रेसिपी

अगर आप साधारण पराठों से बोर हो चुके हैं, तो लौकी से बना यह कुरकुरा और स्वादिष्ट लच्छा पराठा जरूर ट्राई करें। शेफ भरत वाधवा ने इसे बनाने का सही तरीका और आसान विधि साझा की है।

लौकी का लच्छा पराठा बनाने की विधि

लच्छा पराठा खाना किसे पसंद नहीं होता? अक्सर हम आलू या पनीर के पराठे तो बनाते ही हैं, लेकिन क्या आपने कभी लौकी का लच्छा पराठा ट्राई किया है? यह न केवल स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि सेहत के लिए भी अच्छा विकल्प है। शेफ भरत वाधवा ने अपने यूट्यूब चैनल पर इसे बनाने का तरीका बताया है। यदि आप भी घर पर कुछ नया और चटपटा ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम सही है।

लौकी लच्छा पराठा के लिए जरूरी सामग्री

इस खास पराठे को बनाने के लिए आपको दो मुख्य भागों में सामग्री की तैयारी करनी होगी।

आटा लगाने के लिए:

  • 2 कप आटा
  • 1 चम्मच नमक
  • 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
  • आधा छोटा चम्मच अजवाइन
  • 1 चम्मच कसूरी मेथी
  • जरूरत अनुसार पानी और देसी घी

स्टफिंग (मसाला) के लिए:

  • ताजी लौकी
  • 2 प्याज
  • 6 हरी मिर्च
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • 1 चम्मच धनिया पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • आधा चम्मच अजवाइन
  • आधा छोटा चम्मच नमक
  • 1 चम्मच अमचूर पाउडर
  • 1 इंच अदरक का टुकड़ा
  • ताजी कटी हुई धनिया पत्ती
  • 1 बड़ा चम्मच कच्चा सरसों का तेल
  • 2 बड़े चम्मच बेसन

बनाने की प्रक्रिया

पहला चरण: सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह छीलकर कद्दूकस कर लें। इसमें थोड़ा नमक छिड़कें और इसे एक साफ सूती कपड़े में बांधकर निचोड़ लें। ऐसा करने से लौकी का सारा अतिरिक्त पानी निकल जाएगा और पराठा बेलते समय फटेगा नहीं।

दूसरा चरण: अब एक बर्तन में 2 कप आटा लें। इसमें नमक, चिली फ्लेक्स, अजवाइन और कसूरी मेथी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। अंत में ऊपर से घी लगाकर इसे बीस मिनट तक ढककर रख दें ताकि आटा अच्छे से सेट हो जाए।

तीसरा चरण: अब स्टफिंग तैयार करें। निचोड़ी हुई लौकी में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हल्दी, लाल मिर्च, भुना जीरा, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अजवाइन, नमक, अमचूर, कद्दूकस किया हुआ अदरक और ताजा हरा धनिया मिलाएं। साथ ही, 1 बड़ा चम्मच कच्चा सरसों का तेल और 2 बड़े चम्मच बेसन डालें। इन सभी को अच्छी तरह मिक्स करें।

चौथा चरण: आटे की लोई बनाकर इसे रोटी की तरह बेलें और उस पर थोड़ा घी लगाएं। अब तैयार लौकी की स्टफिंग को रोटी पर फैलाएं। रोटी को धीरे-धीरे फोल्ड करें, बीच से दबाते हुए लच्छेदार परत बनाएं। अब इसे बीच से काटकर रोल करें और हल्के हाथों से दोबारा बेल लें। अंत में, मीडियम से लो फ्लेम पर घी लगाकर इसे कुरकुरा होने तक सेकें। पराठे को हल्का दबा-दबाकर पकाएं ताकि लौकी और आटा अंदर तक अच्छी तरह पक जाए। आपका गर्मागर्म लौकी का लच्छा पराठा तैयार है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-delicious-and-crunchy-lauki-laccha-paratha-at-home-chef-share-right-way-note-easy-recipe-2026-09-22-1244719