सलीम कुमार को सीएम वीडी सतीशन की भावभीनी विदाई, ममूटी बोले- अब तुम सिर्फ मुझे रुला रहे हो

मलयालम सिनेमा के मशहूर अभिनेता और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सलीम कुमार का 56 वर्ष की उम्र में कोच्चि में निधन हो गया। उनके जाने पर केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और सुपरस्टार ममूटी ने गहरा दुख जताया।

मलयालम सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सलीम कुमार के निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार रात करीब 10:45 बजे कोच्चि के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह 56 साल के थे और लंबे समय से लिवर से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, जहां उनका निधन हो गया।

उनके अचानक चले जाने से कलाकारों और प्रशंसकों, दोनों के बीच गहरा दुख व्याप्त है। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और सुपरस्टार ममूटी समेत कई बड़ी हस्तियों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है। कोच्चि के नॉर्थ परवूर स्थित उनका घर 'लाफिंग विला', जो कभी उनकी हंसी और जीवंत व्यक्तित्व का प्रतीक हुआ करता था, अब गहरे सन्नाटे में डूबा हुआ है।

मुख्यमंत्री वीडी सतीशन की श्रद्धांजलि

केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अभिनेता को याद करते हुए लिखा कि सलीम कुमार उनके लिए सिर्फ हंसी के राजकुमार नहीं, बल्कि एक बेहद करीबी इंसान थे। उन्होंने कहा कि सलीम अपने राजनीतिक विचारों को निडरता से रखते थे और गर्व से कहते थे कि वे कांग्रेस के साथ खड़े हैं।

वह ऐसे प्रतिभाशाली कलाकार थे जो एक ही चेहरे से लोगों को हंसा भी सकते थे और रुला भी सकते थे। मलयालम सिनेमा ने एक महान कलाकार खो दिया है और मैंने अपना एक भाई खो दिया है।

ममूटी का छलका दर्द

मलयालम सुपरस्टार ममूटी ने भी एक्स पर एक भावुक संदेश साझा कर अपने अजीज दोस्त को याद किया। उन्होंने लिखा कि सलीम खुद हंसते थे और दूसरों को भी हंसाते थे, सोचते थे और दूसरों को भी सोचने पर मजबूर करते थे, कभी-कभी रोते थे और दूसरों को भी रुला देते थे।

अब तुम सिर्फ मुझे रुला रहे हो। तुम्हारा जाना कभी खत्म न होने वाला दुख बन गया है।

तीन दशक का करियर, करीब 120 फिल्में

अपने शानदार अभिनय और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर सलीम कुमार ने लगभग तीन दशक लंबे करियर में करीब 120 फिल्मों में काम किया। उन्होंने सबसे पहले कॉमेडी कलाकार के रूप में पहचान बनाई, लेकिन बाद में गंभीर और भावनात्मक किरदारों में भी अपनी अलग छाप छोड़ी। फिल्म 'एडमिंटे मकान अबू' में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।

आज होगा अंतिम संस्कार

सलीम कुमार ने अपने जीवन में लिवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से लंबी लड़ाई लड़ी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया था कि उनकी यह बीमारी शराब के सेवन के कारण नहीं, बल्कि आनुवंशिक वजहों से हुई थी।

रविवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए परवूर टाउन हॉल में रखा जाएगा। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके आवास लाफिंग विला ले जाया जाएगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/viral-social-salim-kumar-death-mammootty-emotional-statement-cm-vd-satheesan-condolence-ws-l-10547192.html