घर पर बनाएं मलाईदार राजभोग आइसक्रीम, बाजार वाली पड़ जाएगी फीकी, जानें आसान विधि

दूध, मावा, केसर और ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने वाली राजभोग आइसक्रीम एक शाही और मलाईदार डेजर्ट है, जिसे आप घर पर बेहद आसानी से बना सकते हैं। गर्मियों में इसका ठंडा-ठंडा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक हर किसी को भाएगा।

गर्मी का मौसम शुरू होते ही बार-बार कुछ ठंडा और मीठा खाने की इच्छा होने लगती है। ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से आइसक्रीम या कुल्फी खरीदकर खाते हैं, लेकिन बाहर मिलने वाली कई चीजों में जरूरत से ज्यादा चीनी, आर्टिफिशियल फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव्स मिले होते हैं।

अगर आप घर पर ही ऐसी कोई चीज बनाना चाहते हैं जो स्वाद में बिल्कुल बाजार जैसी हो, मगर उससे कहीं ज्यादा ताजा और भरोसेमंद हो, तो राजभोग आइसक्रीम आपके लिए शानदार विकल्प साबित हो सकती है। यह आइसक्रीम अपने गाढ़े स्वाद, मलाईदार टेक्सचर और ड्राई फ्रूट्स की रिचनेस के लिए खूब पसंद की जाती है।

इसमें केसर, इलायची, मावा और दूध का ऐसा मेल होता है, जो इसे बेहद खास बना देता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो किसी महंगे इंग्रीडिएंट की जरूरत पड़ती है और न ही किसी मशीन की। कुछ आसान चीजों से ही आप ऐसी आइसक्रीम तैयार कर सकते हैं, जिसे देखकर बच्चे ही नहीं बड़े भी खुश हो जाएंगे।

दूध को गाढ़ा करने से करें शुरुआत

इस बार गर्मियों में कुछ अलग और शाही मिठाई आजमाना चाहते हैं तो यह आसान रेसिपी जरूर बनाएं। सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें फुल क्रीम दूध डालें। तेज आंच पर दूध को उबाल आने तक पकाएं और जैसे ही उबाल आ जाए, गैस की आंच धीमी कर दें।

अब दूध को लगातार धीमी आंच पर पकाते रहें। बीच-बीच में चलाते रहना जरूरी है ताकि दूध नीचे से जले नहीं। कड़ाही के किनारों पर जमने वाली मलाई को खुरचकर दूध में मिलाते रहें। यही ट्रिक आइसक्रीम को दानेदार और बाजार जैसी बनाती है। करीब 20 से 25 मिनट में दूध आधा रह जाएगा और काफी गाढ़ा दिखने लगेगा।

मावा, केसर और ड्राई फ्रूट्स का तड़का

अब इसमें कद्दूकस किया हुआ मावा डालें। अगर मावा न हो तो मिल्क पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद स्वादानुसार चीनी मिलाकर अच्छी तरह घोल लें और इसे करीब 5 मिनट तक पकाएं, ताकि सारी सामग्री दूध में अच्छी तरह घुल जाए। इसके बाद भीगे हुए केसर वाला दूध डालें।

इसके साथ इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी मिला दें। थोड़े ड्राई फ्रूट्स ऊपर से सजाने के लिए अलग बचाकर रखें। कॉर्नफ्लोर को ठंडे दूध में घोलकर धीरे-धीरे मिश्रण में डालें और लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न बनें। इससे कुल्फी और ज्यादा क्रीमी बनेगी।

मिश्रण को सेट करने की विधि

करीब 3 से 4 मिनट तक पकाने के बाद मिश्रण काफी गाढ़ा और स्मूद हो जाएगा। अब गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसे आइसक्रीम मोल्ड या पेपर कप में भरें और ऊपर से बचे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें। मोल्ड को एल्युमिनियम फॉयल से ढक दें और आइसक्रीम कप को ढक्कन लगाकर बंद कर दें।

ऐसा करने से आइसक्रीम अच्छी तरह सेट होगी और बर्फ के क्रिस्टल भी नहीं बनेंगे। अब इसे 7 से 8 घंटे या पूरी रात के लिए डीप फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। जब आइसक्रीम पूरी तरह जम जाए, तो मोल्ड को कुछ सेकंड के लिए हल्के गुनगुने पानी में डिप करें, जिससे आइसक्रीम आसानी से बाहर निकल आएगी।

परोसने का तरीका और फायदे

ऊपर से थोड़ा पिस्ता या केसर डालकर ठंडी-ठंडी सर्व करें। इसका स्वाद इतना शानदार होता है कि एक बार खाने के बाद बाजार की आइसक्रीम फीकी लगने लगेगी। घर पर बनी राजभोग आइसक्रीम में आप अपनी पसंद के अनुसार चीनी और ड्राई फ्रूट्स डाल सकते हैं।

इसमें किसी तरह का प्रिजर्वेटिव नहीं होता और इसका स्वाद भी ज्यादा फ्रेश लगता है। बच्चों के लिए यह एक बेहतरीन समर डेजर्ट साबित हो सकती है। अगर आप मेहमानों के लिए कुछ खास तैयार करना चाहते हैं, तो यह शाही आइसक्रीम आपके डिनर या फैमिली पार्टी का स्टार डेजर्ट बन सकती है।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-how-to-make-royal-rajbhog-ice-cream-with-milk-mawa-saffron-and-dry-fruits-local18-10547101.html