कौशांबी जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां वारंटी की तलाश में पहुंची दूसरे राज्य की पुलिस टीम को ही ग्रामीणों ने निशाना बना लिया। गांजा तस्करी के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने आई छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर इचौली गांव में हमला कर दिया गया। चोर होने की अफवाह उड़ते ही उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। मामले में स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक रायपुर जिले के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में शिवम केसरवानी और सिराथू निवासी आकाश उर्फ मास्टर वांछित थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ था। इन्हीं वारंटियों की तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम कौशांबी पहुंची थी।
पुलिस टीम ने सबसे पहले सिराथू से वारंटी आकाश उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कांस्टेबल युसूफ खान, जगदेव प्रसाद वर्मा और अजय चौधरी दूसरे वांछित शिवम केसरवानी की तलाश में कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव पहुंचे।
अफवाह उड़ी और भड़क गई भीड़
पुलिस टीम जब गांव में शिवम की तलाश कर रही थी, तभी शिवम के परिजनों, रिश्तेदारों और कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के बीच यह अफवाह फैला दी गई कि गांव में चोर घुस आए हैं। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया।
इस हमले में छत्तीसगढ़ पुलिस के कांस्टेबल जगदेव प्रसाद वर्मा घायल हो गए। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
पांच आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय केसरवानी, संदीप मिश्रा, शिवराज, दुर्गा प्रसाद और शिव बाबू सरोज के रूप में हुई है।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार वारंटी शिवम केसरवानी की तलाश भी लगातार जारी है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/kaushambi-kaushambi-villagers-attack-chhattisgarh-police-one-constable-injured-warrant-ganja-case-5-held-local18-10546902.html