राजस्थान में इस बार 25 से 30 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है. इसी को ध्यान में रखते हुए धौलपुर कृषि विभाग ने किसानों के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है, ताकि बारिश शुरू होने से पहले खेतों को सही ढंग से तैयार किया जा सके और खरीफ सीजन में बेहतर उपज हासिल हो.
कृषि विभाग की किसानों को सलाह
कृषि अधिकारी कैलाश चंद शर्मा ने किसानों से अपील की है कि वे मानसून आने से पहले खेतों की गहरी जुताई करें, खेतों की मजबूत मेड़बंदी सुनिश्चित करें और पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था कर लें. उनके अनुसार ये तीनों काम समय रहते पूरे कर लेने से फसल को कई तरह के नुकसान से बचाया जा सकता है.
गहरी जुताई के फायदे
गर्मियों के मौसम में खेतों की गहरी जुताई करने से मिट्टी की जलधारण क्षमता बढ़ जाती है. साथ ही जमीन में छिपे हानिकारक कीट और खरपतवार भी नष्ट हो जाते हैं, जिससे आगे चलकर फसल को होने वाला नुकसान काफी हद तक कम हो जाता है.
वैज्ञानिक तैयारी से बढ़ेगा उत्पादन
कृषि अधिकारी का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से खेत तैयार करने पर खरीफ फसलों का अंकुरण बेहतर होता है. इससे न सिर्फ पौधों की बढ़वार अच्छी रहती है, बल्कि उत्पादन में भी भारी बढ़ोतरी देखने को मिलती है.
https://hindi.news18.com/news/agriculture/pre-monsoon-farming-tips-deep-plowing-bunding-dholpur-agriculture-tips-local18-10546948.html