जयपुर: साइकिल चलाने निकली 16 साल की किशोरी का शव अपार्टमेंट के पोर्च में मिला, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया

जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में साइकिलिंग के लिए निकली 16 वर्षीय किशोरी का शव कुछ घंटों बाद एक अपार्टमेंट के पोर्च में मिला। परिजनों ने अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस खुदकुशी और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीते शाम साइकिल चलाने के लिए घर से निकली 16 वर्षीय किशोरी का शव एक अपार्टमेंट के पोर्च में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस वारदात के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा है, वहीं आसपास रहने वाले लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे किसी सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस हर एंगल से बारीकी के साथ छानबीन कर रही है।

घर से निकलने के बाद नहीं लौटी किशोरी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी बीते शाम करीब 7:30 बजे रोजाना की तरह अपने घर से साइकिलिंग के लिए निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे। उन्होंने आसपास के इलाके और उसकी सहेलियों के यहां काफी तलाश की, मगर कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने रात करीब 10:30 बजे नजदीकी प्रताप नगर पुलिस स्टेशन पहुंचकर बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उसकी तलाश में जुटी ही थी कि अपार्टमेंट के पोर्च में किशोरी का रक्तरंजित शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।

परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप

इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के परिजनों ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका सीधा कहना है कि पहले उनकी बेटी का अपहरण किया गया और इसके बाद बेरहमी से उसकी हत्या कर शव वहां फेंक दिया गया।

पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि किशोरी की मौत अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर से फर्स्ट फ्लोर या पोर्च पर गिरने से हुई या फिर उसे ऊपर से धक्का दिया गया। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पूरा मामला संदिग्ध बना हुआ है और पुलिस हर कड़ी को जोड़ने में लगी है।

एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत, मेडिकल बोर्ड करेगा पोस्टमॉर्टम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम बुलाई गई, जिसने फिंगरप्रिंट्स, खून के नमूने और अन्य अहम वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

इसके साथ ही अपार्टमेंट और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बीते शाम 7:30 बजे से लेकर रात तक की पूरी टाइमलाइन और संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाया जा सके।

शव को फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रशासन ने डॉक्टरों का एक विशेष मेडिकल बोर्ड गठित किया है, जिसकी निगरानी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-jaipur-pratap-nagar-apartment-16-year-old-girl-dead-body-found-murder-suspicion-10546976.html